विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 'ट्रैफिक ब्लॉक': कई ट्रेनें रद्द, कई का बदला रूट; इनमें सहारनपुर से गुजरने वाली गाड़ियां भी शामिल

By Ajay Saxena Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 08 Sep 2026 07:03 PM (IST)

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिनों के ब्लॉक के कारण 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. हरियाणा-पंजाब के रास्ते चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों की दिक्कतें बढ़ेंगी।

  2. 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक 442 ट्रेनें रद्द होंगी।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। हरियाणा-पंजाब के रास्ते चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों की दिक्कतें बढ़ने वाली है। रेलवे ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के उन्नयन कार्य के लिए 36 दिन का पावर एवं ट्रैफिक ब्लाक लिया है जोकि 10 सितंबर से आरंभ होकर 15 अक्टूबर तक चलेगा।

इस दौरान विभिन्न मार्गों की 12 ट्रेनों के 442 ट्रिप अलग अलग तिथियों में कैंसिल रखे जाने के साथ ही 54 को शार्ट टर्मिनेट तथा चार को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जायेगा। इसमें वाया सहारनपुर होकर निकलने वाली भी कई प्रमुख ट्रेनें शामिल है। कुछ को बीच मार्ग में कैंसिल कर अंबाला से वापस किया जाएगा।

अंबाला रेल डिविजन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी यशनजीत सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन चल रहे उन्नयन कार्य को गति देने के लिए रेल भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा मौजूदा फुट ओवर ब्रिज के शेष गर्डरों की लान्चिंग तथा पुराने के गर्डरों को हटाने का कार्य किया जाना है। इस कार्य के लिए चंडीगढ़ स्टेशन पर विभिन्न रेल लाइनों पर चरणबद्ध तरीके से 36 दिनों का पावर एवं ट्रैफिक ब्लाक लिया जाएगा तथा ब्लाक को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ट्रेन की जानकारी लेकर ही सफर करें।

इन तिथियों में लिया जाएगा ब्लाक

  • 10 सितंबर से 21 सितंबर तक 12 दिन तक लाइन नंबर 6 प्लेटफार्म नंबर 5, लाइन नंबर 7 नान-प्लेटफार्म एवं लाइन नंबर 8 प्लेटफार्म नंबर 6 पर पावर एवं ट्रैफिक ब्लाक रहेगा।
  • 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लाइन नंबर 4 प्लेटफार्म नंबर 3 एवं लाइन नंबर 5 प्लेटफॉर्म नंबर 4) पर ब्लॉक रहेगा।
  • 4 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक लाइन नंबर 1 प्लेटफार्म नंबर 2, लाइन नंबर 2 नान-प्लेटफार्म एवं लाइन नंबर 3 प्लेटफार्म नंबर 2 पर ब्लाक रहेगा।
  • ब्लाक के दौरान 12 ट्रेनों के 442 ट्रेन ट्रिप्स रद्द किये जाएंगे, 6 ट्रेनों के 54 ट्रिप्स को निर्धारित समयावधि में अंबाला कैंट तक शार्ट टर्मिनेट व दो ट्रेनों के 4 ट्रिप्स को डाइवर्ट किया जाएगा।

इन ट्रेनों को किया जायेगा अम्बाला कैंट से वापस

ब्लाक के दौरान वाया सहारनपुर होकर जाने वाली ट्रेन संख्या 15063 व 15064 रामनगर चंडीगढ़ एक्सप्रेस, 12983 व 12984 अजमेर चंडीगढ़ अजमेर एक्सप्रेस तथा 20989 व 20990 उदयपुर चंडीगढ़ एक्सप्रेस को चंडीगढ़ के बजाय अम्बाला कैंट स्टेशन पर शार्ट टर्मिनेट अथवा शार्ट ओरिजिनेट किया जाएगा।

इसके अलावा ब्लाक अवधि के दौरान ट्रेन संख्या 14615 व 14616 लालकुआं–अमृतसर-लालकुआं के मार्ग परिवर्तन कर इन ट्रेनों को चंडीगढ़ के बजाय अम्बाला, सरहिंद, सानेहवाल मार्ग से संचालित किया जाएगा। ब्लाक के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ ट्रेनों को साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर अतिरिक्त अस्थायी ठहराव भी प्रदान किया जाएगा।

इनमें ट्रेन संख्या 18309 व 18310 जम्मू संभलपुर एक्सप्रेस, 18102 व 18101 टाटा नगर जम्मू एक्सप्रेस, 11905 व 11906, 15531 व 15532 अमृतसर सहरसा एक्सप्रेस तथा 14631 व 14632 देहरादून अमृतसर एक्सप्रेस शामिल है। यही नहीं ब्लाक के दौरान चंडीगढ़ स्टेशन पर ट्रेनों के प्लेटफार्मों में भी बदलाव किया जायेगा।