आपसी गुटबाजी के बीच सपा ने किया कांग्रेस से गठबंधन का एलान, सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा मिलकर लड़ेंगे
सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने घोषणा की है कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में भी ...और पढ़ें

रामपुर में पत्रकारों से बात करते सांसद मोहिबुल्लाह नदवी।
HighLights
सपा-कांग्रेस गठबंधन 2027 विधानसभा चुनाव में भी जारी रहेगा।
सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने रामपुर में संयुक्त प्रेसवार्ता में घोषणा की।
सरकार बनने पर रामपुर में एम्स जैसा मेडिकल कॉलेज बनेगा।
जागरण संवाददाता, रामपुर। आपसी गुटबाजी के बीच आगामी विधानसभा चुनाव में सपा ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। इस संबंध में सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता से सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर समेत आजम खान का गुट दूरी बनाए रहा। इसको लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
रविवार को सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के तोपखाना रोड स्थित कैंप कार्यालय पर सपा और कांग्रेस नेताओं की संयुक्त प्रेसवार्ता हुई। इसमें सांसद ने कहा कि आईएनडीआईए (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) के तहत विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में गठबंधन से चुनाव लड़ा जाएगा। हमारे जो प्रत्याशी जीतने की स्थिति में होंगे, उन्हें ही टिकट दिया जाएगा, चाहे वह सपा से हों या कांग्रेस से।
अब कमरों में बैठकर रामपुर की लीडरशिप तय करने का दौर नहीं
सपा नेता आजम खान की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा द्वारा 15 सीटों की मांग पर कहा कि पार्टी में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है। अब कमरों में बैठकर रामपुर की लीडरशिप तय करने का दौर नहीं रहा। टिकट को लेकर अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनावों में मुस्लिम समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ेगी।
विधानसभा चुनाव में अब्दुल क्या करेगा, इस सवाल पर सांसद भड़क गए। कहा कि इस तरह से किसी भी समुदाय का मजाक नहीं उड़ाया जाना चाहिए। कहा कि सपा की सरकार बनने पर यहां एम्स जैसा मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। कैंप कार्यालय के सामने से कूड़ा दिखाते हुए कहा कि मीडिया के माध्यम से 15 दिन का समय देते हैं इस दौरान कूड़ा नहीं हटाया गया तो आंदोलन करेंगे।
इस बार जमकर लड़ेंगे और एक साथ लड़ेंगे
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमिल शर्मा निक्कू पंडित ने कहा कि हमें योगी और मोदी सरकार से लड़ना है। ईडी और चुनाव आयुक्त से लड़ना है। इस बार हम जमकर लड़ेंगे और एक साथ लड़ेंगे। अपनी सीटें भी मांगेंगे। पार्टी नेतृत्व जिसे टिकट देगा, उसे पूरी ताकत से लड़ाएंगे। संयुक्त प्रेसवार्ता सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई। लोगों ने सवाल उठाए कि जब अभी से सपा की गुटबाजी शुरू हो गई है तो ऐसे में पार्टी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
आजम ने किया था सांसद का खुलकर विरोध
इस प्रेसवार्ता को लेकर सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर व नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने भी चुप्पी साध ली है। लोकसभा चुनाव में आजम खान ने सपा से मोहिबुल्लाह नदवी को प्रत्याशी बनाए जाने का खुलकर विरोध किया था। इसके बावजूद न सिर्फ उन्हें टिकट मिला बल्कि, उन्होंने जीत भी हासिल कर ली। तब से रामपुर में सपा आजम खान और मोहिबुल्लाह के दो गुटों में बंटी हुई है। जेल से बाहर आने पर आजम खां और सांसद के बीच सार्वजनिक मंचों पर कटाक्ष भी सुर्खियों में रहते हैं।
