Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रामपुर में सावन के दूसरे सोमवार पर कांवड़ यात्रा के लिए हाईवे बंद, रूट डायवर्जन लागू

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 11:15 PM (IST)

    सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि के चलते रामपुर में कांवड़ यात्रा के लिए रूट डायवर्जन सख्त किया गया है, अब हल्के वाहनों के लिए भी हाईवे बंद है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सावन के दूसरे सोमवार पर रामपुर में रूट डायवर्जन सख्त किया गया।

    2. कांवड़ यात्रा की सुरक्षा हेतु हल्के वाहनों के लिए हाईवे बंद।

    3. अपर पुलिस अधीक्षक ने रूट डायवर्जन प्वाइंट का निरीक्षण कर निर्देश दिए।

    जागरण संवाददाता, रामपुर। सावन माह के दूसरे सोमवार और मंगलवार को सावन माह की शिवरात्रि के चलते प्रशासन ने रविवार को रूट डायवर्जन व्यवस्था में और सख्ती कर दी है। ट्रक, डीसीएम आदि भारी वाहनों के साथ ही रोडवेज बसों व हल्के चार पहिया वाहनों के लिए भी हाईवे को बंद कर दिया गया है।

    कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर सभी वाहनों को अब बदले हुए रूट से गुजारा जा रहा है। पुलिस कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरत रही है। साथ ही कांवड़ियों की सेवा के लिए हाईवे पर जगह-जगह शिविर भी लगाए हैं। कोसी जीरो प्वाइंट, शहजादनगर जीरो प्वाइंट, मालगोदाम तिराहा आदि पर पुलिस ने कांवड़ियों के विश्राम व जलपान के लिए शिविर लगाए हैं।

    रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने श्रावण मास कांवड यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत कांवड़ मार्ग व रूट डायवर्जन प्वाइंट का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था ड्यूटी में लगे कर्मियों को चेक किया।

    यातायात निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा और उनकी यात्रा सुगम बनाने के लिए रविवार को हाईवे पर सभी तरह के वाहनों के निकलने पर रोक लगा दी है। अब हल्के और भारी सभी वाहन दूसरे मार्गों से गुजारे जा रहे हैं।

    खबरें और भी

    रूट डायवर्जन व्यवस्था के तहत बरेली से रामपुर होते हुए दिल्ली जाने वाले सभी वाहनों को आंवला, शाहबाद, सैफनी, बिलारी, हजरतनगरगढी, सिरसी, चौधरी सराय चौकी संभल से खिरनी कट गंगा एक्सप्रेसवे पर भेजा जा रहा है।

    मीरगंज से दिल्ली जाने वाले वाहनों को मिलक तीन बत्ती तिराहा से पटवाई, शाहबाद, सैफनी, बिलारी, हजरतनगरगढी, सिरसी, चौधरी सराय चौकी संभल से खिरनी कट गंगा एक्सप्रेसवे निकाला जा रहा है। रामपुर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से पटवाई, शाहबाद, सैफनी होते हुए भेजा जा रहा है।

    रूद्रपुर (उत्तराखंड) से रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को कोयला/कोयली कट से शहर से अंदर न आने देकर बाईपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर भेजा जा रहा है। वहां से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद, सैफनी गंगा एक्सप्रेसवे पर निकाला जा रहा है।