रामपुर: डीजे बांधते समय 11 KV हाईटेंशन लाइन से छूई गीली रस्सी, कांवड़िए की करंट लगने से मौत
रामपुर में कांवड़ यात्रा की तैयारी के दौरान डीजे कसते समय गीली रस्सी हाईटेंशन लाइन से छूने पर 21 वर्षीय युवक अजय कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। हादस ...और पढ़ें

अजय कुमार का फाइल फोटो
HighLights
कांवड़ लाने को गांव में तैयारी कर रहा था 36 लोगों का जत्था
संवाद सहयोगी, टांडा (रामपुर)। हरिद्वार से कांवड़ लेने जाने की तैयारी के दौरान डीजे कसने को एक युवक ने गीली रस्सी उछाली जो हाईटेंशन लाइन से छू गई। इससे रस्सी में उतरे करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद जत्थे में शामिल लोगों और स्वजन में शोक छा गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही लेकिन स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
चौकी सैदनगर के गांव मरघटी निवासी अजय कुमार (21) रामपुर स्थित रेडिको खेतान डिस्टलरी में काम करता था। रविवार को गांव से करीब 36 लोगों का जत्था हरिद्वार से जल लेने के लिए जाने की तैयारी कर रहा था। सुबह करीब 11 बजे गांव में शिव मंदिर के बाहर रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्राली में डीजे लगाया जा रहा था।
डीजे को रस्सी से कसने के लिए अजय ने एक तरफ से रस्सी उछाली। रस्सी ऊपर से गुजर रही 11 केवीए की हाईटेंशन विद्युत लाइन के तारों पर जा गिरी। रस्सी को अजय कुमार ने एक हाथ से पकड़ रखा था। रस्सी गीले होने के कारण उसमें करंट उतर गया और अजय गंभीर रूप से झुलसकर सड़क पर गिर गया।
हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन और अन्य लोग अजय को उपचार के लिए जिला अस्पताल रामपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन शव को लेकर गांव मरघटी पहुंच गए।
खबरें और भी
हादसे की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और स्वजन से शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा। लेकिन, स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। कांवड़ यात्रा का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। देर शाम को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जेई नौशाद हुसैन ने कहा कि ठोकर लगने से हुई मौत
बिजली विभाग के जेई नौशाद हुसैन का तर्क है कि रस्सी हाइटेंशन लाइन से टकराई तो लाइन में धमाके की आवाज के साथ फाल्ट हो गया। इससे घबराकर अजय कुमार भागा और किसी चीज से ठोकर लगने से वह जमीन में गिर गया। संभवत: गहरी चोट लगने से उसकी मौत हो गई। अगर शव का पोस्टमार्टम कराया जाता तो स्थिति स्पष्ट हो जाती।