रायबरेली : डिजिटल होगा जिला पंचायत, अब एक क्लिक पर मिलेंगे सभी अभिलेख और पुराने रिकॉर्ड
रायबरेली जिला पंचायत कार्यालय में अब सभी अभिलेखों को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे पुराने दस्तावेजों ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। जिला पंचायत कार्यालय में अब सभी अभिलेखों को आनलाइन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अभी तक विभाग का रिकार्ड आफलाइन होने के कारण पुराने दस्तावेजों व अभिलेखों को तलाशने में समय लगता था। अब एक क्लिक पर संबंधित रिकार्ड उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
इसके लिए जिला पंचायत कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों की स्कैनिंग कराई जा रही है। स्कैनिंग के साथ ही अभिलेखों की फीडिंग का काम भी शुरू कर दिया गया है। संबंधित दस्तावेजों को डिजिटल स्वरूप में तैयार करने के बाद विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। जिला पंचायत कार्यालय में अलग-अलग कार्यों से संबंधित पुराने रिकार्ड, पत्रावलियां व अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं। इनका रखरखाव अभी तक आफलाइन तरीके से किया जाता था।
अभिलेखों को सुरक्षित रखने में मिलेगी मदद
किसी पुराने रिकार्ड की आवश्यकता पड़ने पर संबंधित फाइल को कार्यालय के अभिलेखों में तलाशना पड़ता था। इससे समय अधिक लगता था व कई बार रिकार्ड तलाशने में परेशानी भी होती थी। अपर मुख्य अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि रिकार्ड को आनलाइन किए जाने से अभिलेखों को सुरक्षित रखने में भी मदद मिलेगी।
किसी दस्तावेज की आवश्यकता होने पर उसे आनलाइन माध्यम से देखा जा सकेगा। इससे कर्मचारियों को भी पुरानी पत्रावलियां तलाशने में सहूलियत होगी। उन्होंने बताया कि सभी अभिलेखों की स्कैनिंग के बाद उनकी आवश्यक जानकारी की फीडिंग की जा रही है।
इसके बाद रिकार्ड को विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला पंचायत कार्यालय का अधिकांश रिकार्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध होगा। इससे भविष्य में विभागीय कार्यों के लिए अभिलेखों पर निर्भरता कम होगी और एक क्लिक पर जरूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
