विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में भांजे के सीने में मारी गोली, मामा के सिर पर पिस्टल के बट से किया वार

Published: Sun, 04 Oct 2026 03:45 AM (IST)

प्रयागराज के नवाबगंज में ब्याज के पैसों को लेकर मामा-भांजे पर जानलेवा हमला हुआ है। आरोपियों ने मामा के सिर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. ब्याज के पैसों को लेकर मामा-भांजे पर हमला हुआ।

  2. मामा के सिर पर पिस्टल के बट से वार किया गया।

  3. भांजे के सीने में गोली मारी, दोनों अस्पताल में भर्ती।

संवाद सूत्र, नवाबगंज। फतुहपुर गांव में शुक्रवार रात ब्याज के रुपये को लेकर मामा-भांजे पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपितों ने मामा के सिर पर पिस्टल की बट से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। भांजे ने बचाने का प्रयास किया तो उसके सीने में गोली मार दी। दोनों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नवाबगंज पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फतुहपुर निवासी तौसीफ पुत्र सईदउद्दीन ने नवाबगंज पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि उसने दो वर्ष पहले गांव के ही अफजल से 50 हजार रुपये लिए थे। ब्याज समेत 95 हजार रुपये वापस कर चुका है। इसके बावजूद अफजल और उसके पिता शेरउद्दीन रुपये मांगकर उसे परेशान करते थे।

तौसीफ के मुताबिक शुक्रवार रात नमाज के बाद वह अपने भांजे सेबू के साथ गांव के बाहर इजहार की पान की दुकान पर गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अफजल और शेरउद्दीन ने उन्हें देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी और रुपये मांगने लगे। रुपये देने से मना करने पर दोनों ने मारपीट की और जेब से 3,270 रुपये निकाल लिए।

सेबू ने इसका विरोध किया तो शेरउद्दीन ने अफजल को गोली मारने के लिए ललकारा। तौसीफ का कहना है कि अफजल ने पिस्टल की बट से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। भांजा सेबू बचाने के लिए दौड़ा तो आरोपितों ने उसके सीने में गोली मार दी और फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले।

नवाबगंज पुलिस ने तौसीफ की तहरीर पर अफजल और उसके पिता शेरउद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी सोरांव श्यामजीत ने बताया कि ब्याज के रुपये को लेकर घटना हुई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।