वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया प्रयागराज एक्सप्रेस के मुकाबले दोगुना होगा, टिकट बुकिंग की यात्रियों को प्रतीक्षा
वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 31 अक्टूबर से शुरू होगी, जिसका किराया प्रयागराज एक्सप्रेस से दोगुना होगा। यात्री इस ...और पढ़ें

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन। जागरण आर्काइव
HighLights
प्रयागराज के यात्रियों को मिलेगा दिल्ली जाने का नया विकल्प, लोग यात्रा को उत्सुक
वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को 31 अक्टूबर को हरी झंडी की तैयारी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच 31 अक्टूबर से प्रस्तावित देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के संचालन की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। यात्री इस ट्रेन से यात्रा करने के लिए उत्सुक हैं और टिकटों की बुकिंग की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
प्रयागराज से जेब अधिक ढीली करनी होगी
प्रयागराज एक्सप्रेस की तुलना में इसका सफर जेब पर लगभग दोगुना असर डालेगा। वंदे भारत स्लीपर का बेस फेयर थर्ड एसी के लिए 2.40 रुपये, सेकेंड एसी के लिए 3.10 रुपये और फर्स्ट एसी के लिए 3.80 रुपये प्रति किलोमीटर तय है।
प्रयागराज जंक्शन से नई दिल्ली का कितना किराया?
प्रयागराज जंक्शन से नई दिल्ली की करीब 636 किलोमीटर की दूरी के आधार पर आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज, पांच प्रतिशत जीएसटी और खानपान शुल्क जोड़कर इसका संभावित किराया थर्ड एसी में 2050 से 2095 रुपये, सेकेंड एसी में 2530 से 2570 रुपये और फर्स्ट एसी में 3100 से 3160 रुपये रहने का अनुमान है।
नई दिल्ली तक प्रयागराज एक्सप्रेस का किराया
इसके उलट प्रयागराज जंक्शन से नई दिल्ली के बीच चलने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस का सामान्य किराया थर्ड एसी में 1045 रुपये, टू एसी में 1455 रुपये और फर्स्ट एसी में 2415 रुपये ही है। हालांकि, प्रीमियम सुविधाएं, विश्वस्तरीय सेफ्टी कवच, आधुनिक बर्थ डिजाइन और खानपान व्यवस्था के चलते यह ट्रेन कम समय में राजधानी जैसा सफर चाहने वाले यात्रियों की पहली पसंद बन सकती है। वंदे भारत को बनारस से 31 अक्टूबर को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव व सीएम योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं।
