विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब पिकनिक और बरात के लिए बुक कर सकेंगे आधुनिक इलेक्ट्रिक बस, UPSRTC ने निर्धारित किया किराया व दूरी

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Updated: Sat, 30 May 2026 06:46 PM (IST)

यूपी परिवहन निगम ने पिकनिक, शादी या बरात के लिए आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें किराए पर उपलब्ध कराई हैं। इन बसों को 12 घंटे के लिए ₹17,784 में 180 किमी तक बुक किया जा सकता है, जिसका पूरा किराया एडवांस देना होगा।

इलेक्ट्रिक बस। जागरण आर्काइव

इलेक्ट्रिक बस। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. एक बार में बुकिंग पर 180 किलोमीटर तक कर सकेंगे यात्रा

  2. 12 घंटे के लिए इलेक्ट्रिक बस में लगेगा 17,784 रुपये किराया

  3. पिकनिक, शादी-बरात के लिए आरामदायक विकल्प।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों और पर्यावरण प्रदूषण के संकट के बीच यूपी परिवहन निगम ने अनूठी पर्यावरण हितैषी पहल की है। अगर आप पिकनिक, शादी-ब्याह या बरात के लिए आरामदायक और सस्ती गाड़ी की तलाश में हैं, तो उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों किराये पर बुक कर सकते है।

पूरा किराया एडवांस में जमा करना होगा

लग्जरी और वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस को 12 घंटे के लिए बुक किया जा सकता है, जिसका कुल किराया 17,784 रुपये तय किया गया है। एक बार की बुकिंग में यह बस अधिकतम 180 किलोमीटर तक का सफर तय कराएगी। यदि आपकी यात्रा 12 घंटे से अधिक होगी तो अगले 12 घंटे का किराया (यानी 17,784 रुपये) जोड़ दिया जाएगा। बुकिंग अग्रिम या फिर यात्रा वाले दिन से कुछ घंटे पहले भी करा सकते हैं। हालांकि, इसके लिए पूरा किराया एडवांस में जमा करना होगा।

यह सेवा सीमित दूरी के लिए उपलब्ध

फिलहाल यह सेवा सीमित दूरी (180 किमी) के लिए ही उपलब्ध है, क्योंकि शहर और आसपास के इलाकों में अभी चार्जिंग स्टेशनों की संख्या सीमित है। बस को इस तरह रूट दिया जाएगा कि चार्जिंग खत्म होने से पहले वह वापस स्टेशन पहुंच सके। रोडवेज प्रशासन का कहना है कि भविष्य में चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ने पर इसकी बुकिंग की दूरी सीमा भी बढ़ा दी जाएगी।

कोई भी व्यक्ति अपनी जरूरत के अनुसार इन बसों को बुक कर सकता है। इसके लिए क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय या डिपो कार्यालय में जाकर एआरएम से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। यह पूरी तरह प्रदूषण मुक्त और लग्जरी बसें यात्रियों को एक शानदार अनुभव देंगी।

- रविंद्र कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीएसआरटीसी।

यह भी पढ़ें- स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल की मॉड्यूलर रसोई में फैली गंदगी व चूहों का अड्डा, स्वच्छता की अनदेखी हो रही

यह भी पढ़ें- देशभर के रेलवे पुलों व संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे 'स्थायी पहरेदार', यात्रियों की सुरक्षा को नदी के जलस्तर व ट्रैक पर रखेंगे नजर