विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चर्चित उमेश पाल हत्याकांड का शूटर अरमान प्रयागराज की स्पेशल कोर्ट में पेश, 5 लाख रुपये का है इनामी; तगड़ी सुरक्षा

By tara chand Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 05 Oct 2026 04:51 PM (IST)

उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी शूटर अरमान बिहारी को प्रयागराज की एससी-एसटी स्पेशल कोर्ट में भारी सुरक्षा के बीच पेश ...और पढ़ें

प्रयागराज के स्पेशल कोर्ट में उमेश पाल हत्याकांड के आरोपित अरमान की पेशी के दौरान पुलिस। जागरण

प्रयागराज के स्पेशल कोर्ट में उमेश पाल हत्याकांड के आरोपित अरमान की पेशी के दौरान पुलिस। जागरण

HighLights

  1. अरमान को पुलिस लाइन में तगड़ी सुरक्षा में रखा गया था

  2. न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया बिहार के गया जेल में, उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस लगी थी सुरक्षा में

  3. कचहरी में रही गहमागहमी, 14 दिन बाद फिर सुनवाई, मीडिया के सवालों पर नहीं बोला नकाबपोश शूटर

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पांच लाख के इनामी शूटर मो. अरमान बिहारी को सोमवार शाम जिला अदालत में पेश किया गया। एससीएसटी कोर्ट ने अरमान को चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में आरोपित माना और फिर 14 दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया। अदालत ने सरकार से अभियुक्त को निश्शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने के लिए कहा है।

पेशी के दौरान कचहरी परिसर में गहमागहमी रही। अदालत से बिहार वापस ले जाते वक्त प्रिजन वैन में बैठे अरमान से मीडियाकर्मियों ने शाइस्ता, गुड्डू मुस्लिम को लेकर सवाल पूछे, लेकिन वह कुछ नहीं बोला। सिर पर सफेद टोपी लगाने के साथ ही उसने गमछे से अपना चेहरा भी ढंक रखा था।

उसकी सुरक्षा में पुलिस, पीएसी के साथ ही बिहार के भी पुलिसकर्मी लगे रहे। मामले में अगली सुनवाई 14 दिन बाद होगी। धूमनगंज पुलिस उसे पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लेकर पूछताछ की भी तैयारी कर रही है।

धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयंतीपुर मोहल्ले में 24 फरवरी 2023 की शाम विधायक राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की गोली, बम मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की चर्चा पूरे प्रदेश में हुई थी। उमेश की पत्नी जया पाल की तहरीर पर धूमनगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

अतीक का बेटा असद समेत चार आरोपित पुलिस, एसटीएफ की मुठभेड़ में ढेर हुए, जबकि अतीक और उसके छोटे भाई अशरफ की पुलिस अभिरक्षा में हत्या हुई थी। वांछित अभियुक्त अरमान, साबिर और गुड्डू पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया। गिरफ्तारी में लगी पुलिस, एसटीएफ की टीम को पता चला था कि अरमान कोर्ट में सरेंडर करके बिहार में जेल चला गया है।

हालांकि मुकदमे की विवेचना के दौरान सात दिन पहले पुलिस ने आधिकारिक रूप से अरमान के गया जेल में होने की पुष्टि की। फिर ट्रांजिट रिमांड मिलने पर रविवार देर रात उसे पुलिस अभिरक्षा में प्रयागराज लाया गया। यहां पुलिस लाइन में रखने के बाद सोमवार शाम चार बजे जिला अदालत की एससीएसटी कोर्ट में पेश किया गया।

अरमान को उमेश पाल हत्याकांड में आरोप की कापी उपलब्ध कराई गई। अधिवक्ता के बारे में पूछने पर उसने निश्शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। डीजीसी क्रिमिनल मनोज पांडेय ने बताया कि ट्रांजिट रिमांड की कार्यवाही पूरी होने के बाद अभियुक्त अरमान को बिहार जेल भेजने का आदेश दिया गया है।

यह भी पढ़ें- उमेश पाल हत्याकांड के शूटर अरमान को गया से प्रयागराज लाई पुलिस, आज जिला कोर्ट में होगी पेशी

यह भी पढ़ें- उमेश पाल हत्याकांड में पांच लाख का इनामी शार्प शूटर अरमान बिहार से लाया जाएगा, प्रयागराज जिला अदालत में 5 अक्टूबर को पेशी होगी