पहाड़ों की ओर जाने वाले ट्रेनें फुल, किसी में कन्फर्म सीट नहीं, दो मिनट में खत्म हो रहा तत्काल कोटा; यात्री हो रहे परेशान
गर्मी की छुट्टियों में पहाड़ी और पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाली ट्रेनें पूरी तरह से भर गई हैं, जिससे यात्रियों को कन्फर्म सीट नहीं मिल पा रही है। तत्का ...और पढ़ें

प्रयागराज से माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली ट्रेन जम्मू मेल। जागरण आर्काइव
HighLights
30 जून तक रिग्रेट है टाटा जम्मूतवी, वेटिंग में भी यात्रियों को टिकट नहीं मिल रहा
उत्तराखंड, कटरा, मां वैष्णो देवी व पर्यटन क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों की फजीहत
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गर्मी बढ़ने के साथ ही पहाड़ी इलाकों व पर्यटन क्षेत्रों की ओर जाने वाले सभी ट्रेनें पूरी तरह से फुल हो गई हैं। सभी ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची है। कटरा जाना हो या गोवा किसी भी ट्रेन में आपको अगले 15 दिन तक आरक्षित सीट नहीं मिलेगी। जून के बाद ही राहत मिलने की उम्मीद है। गर्मी की छुट्टी में लोग पहाड़ या फिर समुंदर की ओर जाना पसंद करते हैं।
माता वैष्णो देवी धाम व उत्तराखंड जाने वालों की भीड़ इस समय बहुत अधिक हो गई है। यही, हाल मुंबई और गाेवा का भी है। टाटा नगर जम्मूतवी एक्सप्रेस में पूरे जून माह में रिग्रेट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यानी इसमें अब वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहा है। जबकि सूबेदारगंज-ऊधमपुर एक्सप्रेस में भी अगले एक माह तक आरक्षित टिकट नहीं मिल रहा है। जम्मू मेल, सूबेदारगंज-शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, संबलपुर जम्मूतवी एक्सप्रेस का भी यही हाल है।
संबलपुर जम्मूतवी एक्सप्रेस में 29 जुलाई को अभी सीटें मिल पा रही हैं। जम्मू मेल में 15 जुलाई के बाद आरएसी सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, गोवा जाने वाली पटना-वास्को-द-गामा में कन्फर्म टिकट चार जुलाई से वेटिंग टिक ही मिल रहा है, जून में यह ट्रेन भी रिग्रेट है। देहरादून एक्सप्रेस में भी 15 जून के बाद ही आरक्षित टिकट मिल पाएगा। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधाओं के लिए बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। दिल्ली-मुंबई रूट समेत अन्य रूटों पर भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
आरक्षण काउंटर पर उत्तराखंडे, जम्मू-कश्मीर के अलावा मुंबई और दिल्ली के लिए सर्वाधिक भीड़ है। सुबह 10 बजे जैसे ही तत्काल टिकट के लिए काउंटर खुलता है दो मिनट में ही तत्काल कोटा की सीटें खत्म हो जा रही है। आगे लाइन में लगे एक या दो लोगों को ही तत्काल कोटा का लाभ मिल पा रहा है।