विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज के SRN अस्पताल में तीमारदार-चालक को बंधक बनाकर पीटा, सभी रेजीडेंट निलंबित; मुकदमा दर्ज

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Sat, 24 Oct 2026 03:56 AM (IST)

प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में मरीज के तीमारदार और चालक को कमरे में बंद कर पीटने और सामान छीनने का ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. एसआरएन अस्पताल में तीमारदार और चालक को पीटा गया।

  2. मारपीट के बाद सोने की चेन, मोबाइल भी छीना गया।

  3. सभी ड्यूटी पर तैनात रेजीडेंट निलंबित, मुकदमा दर्ज।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल की मेडिसिन इमरजेंसी में मरीज के साथ आए व्यक्ति और उसके चालक को कमरे में बंद कर पीटने का आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार, इस दौरान उनकी सोने की चेन और मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

वहीं, मेडिकल कालेज प्रशासन ने घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सभी जूनियर और सीनियर रेजीडेंट को निलंबित कर दिया है।सर्वेश शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार शाम वह चालक कृष्ण कुमार केसरवानी के साथ नर बहादुर को इलाज के लिए अस्पताल लाए थे। इलाज के संबंध में बातचीत के दौरान एक डाक्टर ने अभद्रता की।

इसके बाद 10 से 15 डाक्टर पहुंचे और दोनों के साथ मारपीट की। उन्हें दूसरे कमरे में ले जाकर पीटा गया। सर्वेश ने एक डाक्टर पर गला दबाने और जंजीर व मोबाइल छीनने का भी आरोप लगाया है। कोतवाली इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- मतदाता सूची फर्जीवाड़ा मामले में 5 AERO पर जांच शुरू, पीलीभीत में 150 BLO घर-घर जाकर करेंगे वोटर लिस्ट में सुधार

मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रो. डा. एके वर्मा ने बताया कि मेडिसिन विभागाध्यक्ष डा. मनोज माथुर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। कमेटी को दो दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।