Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को मिली अनुमति, आठ अगस्त केपी ग्राउंड में होगा आयोजन

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 01:59 AM (IST)

    प्रयागराज में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को केपी ट्रस्ट से अनुमति मिल गई है, जिससे 8 अगस्त को होने वाले आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। ...और पढ़ें

    राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को केपी ट्रस्ट प्रयागराज से मिली अनुमति।

    राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को केपी ट्रस्ट प्रयागराज से मिली अनुमति।

    HighLights

    1. केपी ट्रस्ट ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को दी अनुमति।

    2. 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम 8 अगस्त को प्रयागराज में।

    3. राहुल गांधी नीट पेपर लीक और छात्र मुद्दों पर बोलेंगे।

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम को लेकर चल रहा असमंजस समाप्त हो गया है। दबाव बढ़ने पर कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने अपना निर्णय बदलते हुए केपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजन की अनुमति प्रदान कर दी। इसके पहले दिनभर काफी उठापटक चली।

    ट्रस्ट की ओर से अनुमति निरस्त करने पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से उनके निवास पर मुलाकात की।

    उस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. अजय पाल शर्मा भी मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट कर दिया था कि आठ अगस्त को राहुल गांधी का कार्यक्रम टालना संभव नहीं है।

    वहीं, दोनों अधिकारियों ने कहा, उन्हें राहुल गांधी के कार्यक्रम से आपत्ति नहीं है। आयोजन का स्थल केपी ट्रस्ट का है। ट्रस्ट अनुमति देता है तो कार्यक्रम कराएं। पुलिस-प्रशासन उसमें सहयोग करेगा।

    दोपहर बाद प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस नेता ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौ. जितेंद्रनाथ से मिलने उनके निवास गए। चौ. जितेंद्रनाथ ने कानूनी सलाह के बाद मैदान देने की बात कही। कानूनी सलाह लेने के बाद रात 09.58 बजे जितेंद्रनाथ ने अनुमति प्रदान कर दी।

    नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर राहुल गांधी का प्रयागराज में आठ अगस्त को ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम प्रस्तावित है। केपी इंटर कॉलेज जिस कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट से संचालित है उसके कार्यवाहक अध्यक्ष व कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष चौ. जितेंद्रनाथ सिंह ने मैदान में कीचड़ होने व इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देकर 30 जुलाई को दी गई अनुमति निरस्त कर दी थी।

    मैदान में फैला कीचड़

    केपी इंटर कॉलेज के जिस मैदान में राहुल गांधी की सभा प्रस्तावित है बारिश की वजह से उसमें कीचड़ हो गया है। मैदान से पानी निकालने के लिए पांच पम्प लगाए गए हैं। लकड़ी का प्लेटफार्म बनाने का काम गुरुवार को दोपहर बाद शुरू हुआ। कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन ने स्थलीय निरीक्षण करके काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।

    खबरें और भी

    मैं छात्रों के साथ हूं: राहुल

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स में पोस्ट करके सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स में लिखा-इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस वृद्धि और सीट कटौती के खिलाफ अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन छात्रों को सुनने के बजाय उन पर एफआईआर कर रहा है।

    मोदी सरकार की नीति ही युवाओं की आवाज दबाना है। सवाल पूछो तो लाठी, विरोध करो तो मुकदमे और आवाज उठाओ तो पेलेट गन। जब मैंने छात्रों की बात को सुनने के लिए प्रयागराज आने का फैसला किया, तबसे प्रशासन मेरे कार्यक्रम को हर संभव तरीके से रोकने की कोशिश कर रहा है। साफ है, उन्हें छात्रों की गूंज से भी डर लग रहा है। मैं छात्रों के साथ हूं। सरकार चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, मुझे छात्रों की आवाज उठाने से रोक नहीं सकती।

    कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने खेल के मैदान को सुरक्षित वापस करने और हाई कोर्ट के आदेशानुसार आयोजन करने का भरोसा दिया है। इस आधार पर मैंने छात्रों की गूंज कार्यक्रम की अनुमति प्रदान कर दी है। -चौ. जितेंद्रनाथ सिंह, कार्यवाहक अध्यक्ष केपी ट्रस्ट।

     

    केंद्र व प्रदेश सरकार की नाकामी उजागर करने के लिए राहुल गांधी ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम करने प्रयागराज आ रहे हैं। पहले उसे रोकने का प्रयास हुआ, लेकिन युवाओं की ललकार के आगे सारे षड्यंत्र विफल हो गए। अब केपी ट्रस्ट ने उसके लिए अनुमति प्रदान कर दी है। -अजय राय, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस।

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का स्थान बदलने से कांग्रेस का इनकार, अजय राय बोले- नहीं टलेगा आयोजन