प्रयागराज पहली बार नोएडा के जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीधे जुड़ेगा, मुंबई के लिए मिलेगी अकासा व इंडिगो की उड़ान
प्रयागराज को जल्द ही नोएडा के जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीधी उड़ान कनेक्टिविटी मिलेगी, साथ ही मुंबई के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे। इससे हवाई संपर्क में विस्तार होगा।

प्रयागराज एयरपोर्ट की फाइल फोटो।
HighLights
स्लाट आवंटन के लिए चल रहा तकनीकी कार्य
सुबह से शाम के बीच पूरा हो जाएगा आवागमन
अमरीश मनीष शुक्ल, प्रयागराज। आगामी शीतकालीन सत्र (विंटर शेड्यूल) से संगम नगरी प्रयागराज की हवाई कनेक्टिविटी में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। प्रयागराज पहली बार नोएडा स्थित जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीधे जुड़ेगा। इसके साथ ही मुंबई रूट पर यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
डीजीसीए व विमानन मंत्रालय से सैद्धांतिक मंजूरी
एयरलाइन कंपनी इंडिगो और अकासा एयर के इस संयुक्त परिचालन प्रस्ताव को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) व विमानन मंत्रालय से सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। वर्तमान में दोनों एयरलाइंस के रूट नेटवर्क और समय-सारिणी (टाइम स्लाट) को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एयरलाइंस ने विमानों की बेहतर उपयोगिता और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एक विशेष 'कनेक्टिंग रोटेशन' तैयार किया है।
जेवर से प्रयागराज, यहां से मुंबई का सफर
विमान जेवर (नोएडा) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान भरकर सीधे प्रयागराज पहुंचेगा। यहां यात्रियों को उतारने और नए यात्रियों को बोर्ड कराने के बाद यही विमान मुंबई के लिए रवाना होगा। वापसी में विमान मुंबई से उड़ान भरकर प्रयागराज आएगा और यहां से दिल्ली (आईजीआई) के लिए प्रस्थान करेगा।
डे-टाइम आपरेशंस की व्यवस्था
एयरपोर्ट पर केवल दिन के उजाले में ही वाणिज्यिक उड़ानों के संचालन (डे-टाइम आपरेशंस) की व्यवस्था है। दोनों एयरलाइंस के स्लाट इस तकनीकी आधार पर तय किए जा रहे हैं कि जेवर से आगमन, मुंबई रवानगी और वापसी की पूरी प्रक्रिया सूर्यास्त से पहले पूरी हो जाए।
स्लाट फाइनल होते ही टिकट बुकिंग विंडो खुलेगी
एयरपोर्ट अथआरिटी और एयरलाइंस के बीच रनवे स्लाट कोआर्डिनेशन अंतिम चरण में है। स्लाट फाइनल होते ही टिकट बुकिंग विंडो खोल दी जाएगी। दो साल पहले तक प्रयागराज से देश के 15 प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानें थीं, जो वर्तमान में घटकर केवल पांच शहरों (दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और भुवनेश्वर) तक सीमित रह गई हैं।
नई उड़ान से लोगों को मिलेगी राहत
जेवर और मुंबई की इन नई उड़ानों के जुड़ने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों, व्यापारियों और छात्रों को सीधी राहत मिलेगी। एयरपोर्ट निदेशक गणेश यादव के अनुसार 'इंडिगो और अकासा एयर के नई उड़ानों के दिन के उंजाले में ही स्लाट आवंटन की तकनीकी प्रक्रिया चल रही है। यह पूरा होते ही समय-सारिणी जारी होगी।
