विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'किशोरी से प्रेम संबंध था, वह लगातार शादी का दबाव बना रही थी इसलिए मार डाला'; प्रयागराज में 16 दिन से गायब थी

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Updated: Thu, 07 May 2026 01:15 PM (IST)

प्रयागराज के सरायइनायत से 20 अप्रैल को लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी की हत्या उसके प्रेमी ने कर दी। शादी का दबाव बनाने पर गला दबाकर हत्या कर शव मऊआइमा में नहर किनारे झाड़ी में फेंक दिया था, जिसका कंकाल बरामद हुआ।

प्रयागराज के मऊआइमा में युवती की लाश मिलने की सूचना पर जुटी भीड़ व पुलिस। जागरण

प्रयागराज के मऊआइमा में युवती की लाश मिलने की सूचना पर जुटी भीड़ व पुलिस। जागरण

HighLights

  1.  गला दबाकर हत्या करने के बाद झाड़ी में फेंक दिया था शव

  2. सरायइनायत की किशोरी के साथ हुआ खौफनाक वारदात

  3. प्रेमी की निशानदेही पर मऊआइमा में नहर किनारे मिला कंकाल

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार में सरायइनायत क्षेत्र से 20 अप्रैल को लापता हुई एक किशोरी की हत्या कर लाश झाड़ी में फेंक दी गई थी। गुरुवार को सरायइनायत पुलिस ने किशोरी के प्रेमी व एक युवती को पकड़ा तो पूरा मामला आइने की तरह साफ हो गया।

मऊआइमा में नहर के बगल झाड़ी में मिला कंकाल

प्रेमी की निशानदेही पर पुलिस ने मऊआइमा के हरखपुर गांव स्थित शारदा सहायक नहर के बगल झाड़ी से किशोरी का शव बरामद कर लिया। हालांकि, कई दिन से लाश यहां फेंकने की वजह से सिर्फ कंकाल ही बचा था।

20 अप्रैल से लापता थी किशोरी 

सरायइनायत क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय एक किशोरी 20 अप्रैल को लापता हो गई थी। घरवालों ने पुलिस को सूचना दी थी। मां ने आरोप लगाया था कि बहरिया क्षेत्र का रहने वाला एक किशोर बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इसमें उसके साथ एक किशोरी भी शामिल है। बेटी घर से रुपये व आभूषण ले गई है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही।

आरोपितों ने हत्या कर शव फेंकना कबूला 

बुधवार यानी 6 मई की  रात सरायइनायत पुलिस ने आरोपितों को पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ की। युवक ने बताया कि किशोरी की हत्या कर दी गई है। हरखपुर गांव स्थित शारदा सहायक नहर के बगल झाड़ी से लाश को फेंका गया है। इस पर पुलिसकर्मी हतप्रभ रह गए।

शादी का दबाव बनाने पर कर दी हत्या 

आज गुरुवार यानी 7 मई की सुबह किशोर को मऊआइमा ले जाया गया और फिर उसकी निशानदेही पर झाड़ी से किशोरी की लाश बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपित से पूछा तो उसने बताया कि किशोरी से उसका प्रेम संबंध था। लगातार वह शादी का दबाव बना रही थी।

पुलिस को आरोपितों के बयान पर यकीन नहीं 

आरोपितों ने बताया कि 20 अप्रैल को उसे लेकर शहर गया था। एक दिन बाद परिवार से मिलवाने की बात कहकर उसे बहरिया चलने को बोला गया। शाम को उसे लेकर निकला और जैसे ही अंधेरा हुआ शारदा सहायक नहर के पास उसकी हत्या कर दी। हालांकि पुलिस को अभी उसके इस बयान पर पूरा यकीन नहीं है। सरायइनायत पुलिस का कहना है कि आरोपितों से फिर पूछताछ की जाएगी। इसमें और कौन-कौन शामिल हैं, इस बारे में पूछा जाएगा।