प्रयागराज में वृद्ध पिता को बेटे ने लाठी से पीटकर मार डाला, 17 घंटे तक वारदात की पुलिस को नहीं लगी भनक
प्रयागराज के बारा थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना घटी, जहाँ एक बेटे ने पारिवारिक कलह के चलते अपने वृद्ध पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। राम बहादु ...और पढ़ें

प्रयागराज के बारा में पारिवारिक कलह में बेटे ने पिता को लाठी से पीटकर मौत के घाट उतारा।
HighLights
काेटे को लेकर भी था विवाद, पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है
यमुनापार के बारा थाना क्षेत्र के सीध टिकट गांव में भैंस बांधने के विवाद वारदात
वारदात के बाद आरोपित फरार, गिरफ्तारी को पुलिस दे रही दबिश
संसू, जागरण, बारा (प्रयागराज)। यमुनापार में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोपित और कोई नहीं, बल्कि वृद्ध का सगा बेटा था। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। हत्या की वजह पारिवारिक कलह बताई जाती है।
ऐसे मामला पुलिस के संज्ञान में आया
बारा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सीध टिकट के मजरा पंडित का पूरा में सनसनीखेज घटना हुई। 61 वर्षीय राम बहादुर यादव को उनके बड़े पुत्र ने लाठी से पीटकर मार डाला। करीब 17 घंटे तक इस वारदात को छिपाए रखा गया। पुलिस को भनक लगी तो वह मौके पर पहुंची और फिर पूरा मामला सामने आया।
भैंस बांधने के विवाद में वारदात
मृतक के सबसे छोटे पुत्र ने बारा थाने में तहरीर देकर भैंस बांधने के विवाद में घटना होने की बात कही। जिस पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने हत्यारोपित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि सरकारी गल्ले की दुकान को लेकर भी अक्सर विवाद होता था।
सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से बेटे को दूर रखते थे
मजरा पंडित का पूरा के रहने वाले राम बहादुर यादव करीब 30 वर्ष से सहकारी सस्ते गल्ले की दुकान संचालित करते थे। इसी दुकान को लेकर बड़ा बेटा रामबाबू पिता से अक्सर विवाद करता था। वह खुद दुकान के संचालन की बात कहता था, लेकिन राम बहादुर इन्कार कर देते थे। उसे कोटे से दूर रखते थे।
खबरें और भी
पिता-पुत्र में हुआ झगड़ा
शनिवार सुबह करीब छह बजे इसी बात को लेकर एक बार फिर पिता-पुत्र में झगड़ा गया है। घरवालों ने दोनों को शांत कराया। क्षण भर बाद ही राम बहादुर ने रामबाबू से भैंस को दूसरे खूंटे में बांधने कहा, जिस पर उसने मना कर दिया। इसे लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। आक्रोशित होकर रामबाबू ने कमरे में रखी लाठी उठाई और एक के बाद एक कई प्रहार पिता के ऊपर किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी
स्वजन उन्हें समीप के अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाने को कहा। हालांकि, घरवाले उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले आए और भर्ती कराया। रात करीब नौ बजे राम बहादुर की मौत हो गई। मामला पारिवारिक होने के कारण पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी गई।
आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया
देर रात करीब 11 बजे बारा इंस्पेक्टर विनोद सोनकर को किसी ने घटना के बारे में बताया तो फोर्स के साथ वह राम बहादुर यादव के घर पहुंचे। यहां पूछताछ की गई तो घटना सही निकली। इसके बाद मृतक के सबसे छोटे पुत्र मुनेश यादव की तहरीर पर रामबाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया। इंस्पेक्टर बारा विनोद सोनकर का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपित काे गिरफ्तार कर लिया गया है।