प्रयागराज में 28 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून; IMD का पूर्वानुमान- लगातार तीन दिन झमाझम बारिश होगी
प्रयागराज में 28 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होगा, जिससे लगातार तीन दिनों तक झमाझम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जार ...और पढ़ें

प्रयागराज में मानसून फिर सक्रिय होगा।
HighLights
सुबह तेज धूप निकलने से लोगों को उमस और गर्मी ने किया परेशान
28 जुलाई से पश्चिमी व पूर्वी हवाओं के प्रभाव से मौसम फिर बदलगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की तैयारी में है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक दिन में मौसम करवट लेगा। 28 जुलाई से बादलों की घेराबंदी शुरू होने के साथ लगातार तीन दिन अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद जुलाई के अंत तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
कल भी तापमान बढ़ेगा
25 जुलाई को शहर में हल्के बादलों की आवाजाही बनी रही और कई इलाकों में हल्की फुहारें पड़ीं। वहीं 26 जुलाई की सुबह तेज धूप निकलने से लोगों को उमस और गर्मी का एहसास हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 और 27 जुलाई को तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद पश्चिमी और पूर्वी हवाओं के प्रभाव से मौसम फिर बदल जाएगा।
नमी से उमस बढ़ी
मौसम विभाग के अनुसार 26 जुलाई की सुबह तक बीते 24 घंटों में 4.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 82 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। अधिक नमी के कारण दिनभर उमस बनी रहने की संभावना है।
28, 29 व 30 जुलाई को झमाझम बारिश होगी
सात दिनों के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 और 27 जुलाई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 28 जुलाई से मौसम पूरी तरह बदलने के संकेत हैं। 28, 29 और 30 जुलाई को आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा तथा कई दौर की बारिश और गरज-चमक होने की संभावना जताई गई है। 29 और 30 जुलाई को अधिकतम तापमान घटकर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
खबरें और भी
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी गतिविधियों के दोबारा सक्रिय होने से जिले और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों में न रुकने, बिजली गिरने की आशंका वाले समय में सावधानी बरतने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों के लिए भी यह बारिश खरीफ फसलों के लिहाज से लाभदायक मानी जा रही है, जिससे धान समेत अन्य फसलों को पर्याप्त नमी मिल सकेगी।