विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में बसाई जाएगी नई हाइटेक टाउनशिप, भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू; हटाए जाएंगे अवैध कब्जे

Published: Thu, 08 Oct 2026 02:09 PM (IST)

प्रयागराज में इरादतगंज हवाई पट्टी की भूमि पर पीडीए 400 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हाईटेक टाउनशिप विकसित करेगा। अवैध ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. इरादतगंज हवाई पट्टी भूमि पर हाईटेक टाउनशिप विकसित होगी।

  2. पीडीए 400 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में टाउनशिप बनाएगा।

  3. अवैध कब्जे हटाकर भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया शुरू की गई।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज-रीवा राजमार्ग से सटे घूरपुर के पास इरादतगंज हवाई पट्टी की भूमि अब शहर के विस्तार का नया केंद्र बनेगी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने 400 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में हाईटेक टाउनशिप विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश शासन को पत्र भेजकर हवाई पट्टी की भूमि से कब्जे हटाने और उसे दुरुस्त कराकर संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की है। इसमें एसडीएम करछना व बारा, एसीपी घूरपुर और ज्येष्ठ खनन अधिकारी शामिल हैं।

ग्रुप हाउसिंग के तहत बनेंगे फ्लैट 

मुख्यमंत्री विस्तारीकरण योजना के तहत यमुनापार के इरादतगंज में टाउनशिप विकसित करने की योजना बनाई गई है। सेना और पीडीए के अधिकारियों से जमीन को लेकर वार्ता हो गई है। जल्द ही भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू होगी। टाउनशिप में छोटे और बड़े भूखंड बनाए जाएंगे। जरूरत के अनुसार ग्रुप हाउसिंग के तहत फ्लैट भी बनाए जाएंगे।

सौ बीघा से अधिक जमीन पर कब्जा

इरादजगंज क्षेत्र में सेना की जमीन पर लगभग सौ बीघा से अधिक दायरे में अवैध कब्जा करके लोगों ने मकान और दुकान बना लिया है। कई स्थानों पर मिट्टी खनन करके कई फीट गहरा गड्ढा कर दिया गया है। सेना की ओर से अवैध कब्जे को खाली कराने के लिए पीडीए को पत्र भेजा गया है।

पार्क और पार्किंग की रहेगी सुविधा

पीडीए की ओर से विकसित की जाने वाली टाउनशिप में बेहतर सड़क के साथ पार्किंग और पार्क का भी प्रबंध किया जाएगा। इस टाउनशिप में चार से पांच ब्लाक बनाए जाएंगे। एक ब्लाक में चार से पांच बीघा के दायरे में पार्क का भी निर्माण किया जाएगा।

मुख्य तथ्य-

  • 12 किलोमीटर के करीब है शहर से दूरी
  • 400 हेक्टेयर से अधिक दायरे में की जाएगी विकसित
  • 04 से पांच किलोमीटर का दायरा रहेगा टाउनशिप का
  • 30 से 32 लाख रुपये के आसपास मिलेगी 100 वर्ग मीटर जमीन

प्रयागराज-रीवा राजमार्ग पर जारी के आगे तक प्लाटिंग

शहर से दूर विभिन्न राजमार्गों पर रियल एस्टेट कंपनियों की ओर से कालोनियां बसाई जा रही हैं। प्रयागराज-रीवा राजमार्ग पर जारी के आगे तक तो बांदा मार्ग पर शंकरगढ़ के पास तक प्लाटिंग की जा रही हैं। वहीं मीरजापुर मार्ग पर भीरपुर तक तो सिंगरौली हाईवे पर करछना व कोरांव के आसपास के खूब प्लाट काटे जा रहे हैं।

एयरो सिटी के बाद इरादतगंज में टाउनशिप विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए सेना से जमीन ली जाएगी। प्रशासन स्तर से गठित की गई टीम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

-ऋषि राज, पीडीए उपाध्यक्ष

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना: मुरादाबाद में बनेगी नई आवासीय कॉलोनी, 15 दिन में भेजा जाएगा प्रस्ताव

यह भी पढ़ें- यूपी में पांच एक्सप्रेसवे का होगा विस्तारीकरण, खरीदी जाएगी जमीन; लिस्ट में आगरा-लखनऊ और गंगा एक्सप्रेसवे भी