प्रयागराज में डंपर ने फिर लील ली एक जान, टक्कर से फल विक्रेता की मौत; शव रख किया रास्ताजाम
प्रयागराज के यमुनापार में एक डंपर की टक्कर से 45 वर्षीय फल विक्रेता तेज बहादुर की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे व चालक की गिरफ्ता ...और पढ़ें

प्रयागराज के मेजारोड में सड़क हादसे में फल विक्रेता की मौत के बाद आक्रोशित लोगों को समझाते एसीपी एसपी उपाध्याय और नायब तहसीलदार नंदलाल राम। जागरण
HighLights
यमुनापार के मेजारोड स्थित बंधवा गांव के रामपुर में हुई दुर्घटना
हादसे के बाद लोगों ने पीछा किया, डंपर वाहन लेकर चालक फरार
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार में डंपर वाहन का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब मेजारोड स्थित बंधवा गांव के रामपुर में शनिवार भोर में करीब चार बजे डंपर की टक्कर से 45 वर्षीय फल विक्रेता तेज बहादुर की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने रास्ताजाम कर दिया। अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हुआ।
मेजा थानाा क्षेत्र के बंधवा गांव निवासी तेज बहादुर अपने ठेले पर फल खरीदने के लिए सिरसा नवीन मंडी जा रहे थे। रामपुर बस्ती पहुंचते ही पीछे से आ रहे डंपर ने उनके ठेले में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में फल विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित स्वजन और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर रास्ताजाम कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया, तब जाकर करीब आधे घंटे बाद लोग सड़क से हटे।
तेज बहादुर को डंपर ने चपेट में लिया तो आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। यह देखकर डंपर चालक वाहन लेकर भागा। कुछ लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन सफल नहीं हुए। उधर टक्कर लगने से तेज बहादुर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मेजा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की तैयारी कर रही है, लेकिन मृतक के स्वजन ने मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर रास्ताजाम कर दिया।
आक्रोशित तेज बहादुर के परिवार के लोग व ग्रामीण क्रशर प्लांट मालिक को भी मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। हालांकि एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय और नायब तहसीलदार नंदलाल रामने जैसे-तैसे सभी को समझाकर शांत कराया। लोगों ने बताया कि तेज बहादुर के परिवार में उनकी पत्नी ननकी देवी, तीन बेटे और दो बेटियां हैं।