NCR में प्रयागराज मंडल के रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगे मोबाइल एक्सेसरीज कियोस्क, यात्रियों को मिलेगी राहत
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल एक्सेसरीज कियोस्क खोले जाएंगे। यह पहल यात्रियों को यात्रा के दौरान ...और पढ़ें

प्रयागराज मंडल का सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन।
HighLights
मोबाइल चार्जर खराब होने, केबल, स्क्रीन गार्ड या ईयरफोन टूटने पर नहीं होंगे परेशान
स्टेशन पर ही यात्रियों की मोबाइल संबंधी आवश्यकता होगी पूरी, नहीं होगा भटकाव
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अक्सर यात्रा के दौरान यात्रियों को मोबाइल चार्जर खराब होने, स्क्रीन गार्ड, ईयरफोन, केबल टूटने या ईयरबड्स भूल जाने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ट्रेन में होने के बाद इन समस्याओं का हल नहीं निकल पाता है। प्लेटफार्म पर पहुंच जाने के बाद भी बाहर बाजार में जाकर आवश्यकता पूरी करने के लिए समय भी नहीं रहता। ऐसे में स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और अपनी कमाई बढ़ाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल एक्सेसरीज कियोस्क खोलने के लिए जगह देगा।
इसमें लिए ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई है। इस नई पहल के तहत प्रयागराज मंडल के छह प्रमुख रेलवे स्टेशनों सूबेदारगंज, मानिकपुर, फतेहपुर, विंध्याचल, मीरजापुर और इटावा में मोबाइल और एक्सेसरीज कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। अलग-अलग चरणों में स्टेशनों की संख्या बढ़ेगी। इन स्टेशनों पर कियोस्क की स्थापना, संचालन और प्रबंधन के लिए पांच साल की लंबी अवधि के लिए ठेके दिए जाएंगे। इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्टेशनों पर यात्रियों को आधुनिक संचार सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इन कियोस्क के खुलने से अब यात्रियों को स्टेशन परिसर के भीतर ही उच्च गुणवत्ता वाली मोबाइल एक्सेसरीज और अन्य उपयोगी सामान आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। उन्हें इन छोटी-छोटी जरूरतों के लिए स्टेशन से बाहर भागने की जरूरत नहीं होगी, जिससे उनका समय बचेगा और यात्रा अधिक सुखद व सुविधाजनक हो सकेगी।