प्रयागराज एंटी करप्शन टीम ने दारोगा को 25,000 रुपये घूस लेते पकड़ा, विवेचना में धारा कम करने को मांगे थे रुपये
प्रयागराज में एंटी करप्शन टीम ने सोरांव थाने के दारोगा संयम जायसवाल को 25 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ पकड़ा। यह रिश्वत विवेचना में धाराएं कम करने के ए ...और पढ़ें

प्रयागराज एंटी करप्शन टीम की गिरफ्त में घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार सोरांव थाने का दारोगा संयम जायसवाल। साभार : एंटी करपशन
HighLights
गंगापार के सोरांव थाने में तैनात है दारोगा संजम जायसवाल
गहरपुर के भुक्तभोगी ने एंटी करप्शन थाने में की थी शिकायत
सुल्तानपुर निवासी दारोगा के खिलाफ शिवकुटी थाने में मुकदमा दर्ज
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पुलिस महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार की एक बार फिर पोल खुल गई। शनिवार को एंटी करप्शन (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) की टीम ने सोरांव थाने में तैनात 2023 बैच के दारोगा संयम जायसवाल को 25 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ दबोचचा। उसे सोरांव थाने के बाहर से ही पकड़ा गया। इस कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों और दूसरे पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई।
एंटी करप्शन कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा
गिरफ्तार दारोगा संयम सुल्तानपुर जिले के लम्भुआ, नहरपुर गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ शिवकुटी थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। रविवार को उसे एंटी करप्शन कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
मुकदमे में धारा कम करने को मांगे थे 75 हजार रुपये
बताया गया है कि जून 2026 में गहरपुर गांव निवासी उदयराज पटेल और अतुल परिहार के बीच मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए सोरांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उस मुकदमे की विवेचना दारोगा संयम जायसवाल को मिली थी। दारोगा ने उदयराज पटेल से मुकदमे में धारा कम करने के लिए 75 हजार रुपये रिश्वत मांगी।
थाने के सामने चाय की दुकान पर गिरफ्तार
इस पर उदयराज ने 17 जुलाई को एंटी करप्शन टीम थाना पहुंचकर शिकायत की। गोपनीय जांच में आरोप सही पाए गए। आज 18 जुलाई को एंटी करप्शन की 13 सदस्यीय टीम सोरांव थाने के सामने स्थित अमन गुप्ता की चाय की दुकान पर पहुंची। इसके बाद रिश्वत की पहली किस्त 25 हजार रुपये लेते ही दारोगा संयम जायसवाल को दबोच लिया। दुकान पर मौजूद लोग पहले तो समझ नहीं पाए, लेकिन जब पता चला कि दारोगा घूस लेते पकड़े गए तो खलबली मच गई।
खबरें और भी
रिश्वत मांगे तो इन नंबरों पर करें शिकायत
एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों का कहना है कि कोई सरकारी अधिकारी/कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल भ्रष्टाचार निवारण संगठन के मोबाइल नंबर-9454402490 और 9454402484 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी।
ड्यूटी के बावजूद सादे कपड़े में पहुंचा
सोरांव थाने में तैनात दारोगा संयम जायसवाल शनिवार को ड्यूटी पर था। इसके बावजूद वह घूस लेने के लिए सादे कपड़े में थाने के बाहर पहुंचा था। वर्दी उसने सोरांव में किराए पर लिए गए कमरे में टांग दी थी। इसके बाद चाय की दुकान पर पहुंचा था। संयम को डर था कि वर्दी में घूस लेते समय कोई वीडियो बना सकता है। लिहाजा उसने घूसखोरी के लिए सादे कपड़े पहने थे, ताकि किसी की पहचान में आसानी से न आ सके।
थरवई थाने से हुआ था लाइन हाजिर
पुलिस का कहना है कि दारोगा संयम जायसवाल की तैनाती फरवरी 2026 में सोरांव थाने में हुई थी। इससे पहले थरवई थाने में तैनात था। वहां एक मामले में लाइन हाजिर कर दिया गया था। इसके बाद पुलिस लाइन से गंगानगर जोन और वहां से सोरांव थाने में तैनाती मिली थी।