उत्तर मध्य रेलवे ने 400 दिव्यांगों को दिया रोजगार, प्रयागराज मंडल में हुईं सबसे ज्यादा नियुक्तियां
उत्तर मध्य रेलवे ने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए लगभग 400 व्यक्तियों को विभिन्न संविदा पदों पर रोजगार उपलब्ध कराया है ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
उत्तर मध्य रेलवे ने 400 दिव्यांगजनों को संविदा पर रोजगार दिया।
प्रयागराज मंडल में सर्वाधिक 200 दिव्यांगों को नौकरी मिली।
रेलवे ने 100 दिव्यांगों को कौशल प्रशिक्षण भी प्रदान किया।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लगभग 400 दिव्यांग व्यक्तियों को विभिन्न संविदा पदों पर रोजगार उपलब्ध कराया है। इनमें स्टेशन उद्घोषक, आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) ऑपरेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, वन स्टेशन वन प्रोडक्ट (ओएसओपी) स्टाल संचालक तथा अन्य ग्राहक सेवा से जुड़े पद शामिल हैं।
अब तक हुई करीब 400 संविदा नियुक्तियों में प्रयागराज मंडल में 200, झांसी मंडल में 100 और आगरा मंडल में 63 दिव्यांगों को रोजगार मिला है।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवम शर्मा ने बताया कि इस वर्ष की शुरुआत में महाप्रबंधक एनपी सिंह ने प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों को निर्देश दिया था कि जहां भी संभव हो, वहां दिव्यांगजनों के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं।
इसी के तहत तीनों मंडलों में बड़े पैमाने पर संविदा के आधार पर नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया है। इसी उद्देश्य से रेलवे ने अपनी अप्रेंटिसशिप योजना के तहत 100 दिव्यांगजनों को कौशल प्रशिक्षण भी प्रदान किया है।
अधिकारियों के अनुसार यह अभियान केवल तीनों रेल मंडलों तक सीमित नहीं है। झांसी स्थित कार्यशालाओं और उत्पादन इकाइयों में भी दिव्यांगजनों के लिए रोजगार के अवसर विकसित किए गए हैं।
शिवम ने बताया कि संविदा कर्मियों के अलावा उत्तर मध्य रेलवे में वर्तमान में 784 दिव्यांग कर्मचारी नियमित सेवा में कार्यरत हैं। इनमें वर्ष 2025-26 के दौरान नियुक्त किए गए 15 नए दिव्यांग कर्मचारी भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत: चाइल्ड केयर लीव और ड्यूटी इंजरी नियमों में हुए बड़े बदलाव