फाफामऊ गंगा पुल पर कार खराब होने से भीषण जाम, प्रयागराज से लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर घंटों फंसे वाहन
प्रयागराज के फाफामऊ गंगा पुल पर सोमवार को एक कार खराब होने से भीषण जाम लग गया। भीषण गर्मी में घंटों फंसे वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया सवारों और स्कूली ...और पढ़ें

प्रयागराज में फाफामऊ गंगा पर कार खराब होने के कारण लगे जाम में फंसे वाहन सवार। जागरण
HighLights
प्रयागराज शहर से गंगापार जाने और आने वालों को भी झेलनी पड़ी परेशानी
तेज धूप और भीषण गर्मी में स्कूली बच्चों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी
संसू, फाफामऊ (प्रयागराज)। इन दिनों की भीषण गर्मी और सूर्य की आग उगलती किरणों में अगर दो मिनट भी रुकना पड़ जाए तो झेलना मुश्किल हो जाता है। वहीं अगर ऐसे में भीषण जाम लग जाए और घंटों वाहन सवार आगे बढ़ न सकें तो स्थिति और दयनीय ही हो जाती है। कुछ ऐसा ही सोमवार दोपहर में नजर आया फाफामऊ गंगा पुल पर।
अति व्यस्त है फाफामऊ गंगा पुल
प्रयागराज से लखनऊ और अयोध्या के साथ ही प्रतापगढ़ व सुल्तानपुर के लिए फाफामऊ गंगा पुल से होकर ही जाना पड़ता है। इसलिए यह पुल अति व्यस्त माना जाता है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का इस पर से आवागमन होता है। अगर पांच मिनट के लिए भी कोई वाहन पुल पर रुक जाए तो कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
शांतिपुरम चौराहे से मेहंदौरी पुलिस चौकी तक जाम
फाफामऊ गंगापुल पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक जाम लग गया। इसका कारण था फाफामऊ की ओर से शहर जा रही एक कार अचानक पुल के बीचो-बीच खराब हो गई। देखते ही देखते पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम शांतिपुरम चौराहे से लेकर गंगापुल के आगे मेहंदौरी पुलिस चौकी तक लगा रहा।
स्कूली बच्चों की अधिक परेशानी
सूचना पर फाफामऊ पुलिस और यातायात पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और खराब कार को किसी तरीके से सड़क से हटवाया, लेकिन इसमें कुछ घंटे का समय लग गया। तब तक भीषण जाम लग चुका था। तेज धूप और गर्मी के कारण जाम में फंसे छोटे-बड़े व दो पहिया वाहन सवार बिलबिला उठे। जाम में फंसे स्कूली बच्चों की अधिक परेशानी रही।
जाम ऐसा कि पैदल भी चलना मुश्किल
बहुत से यात्री वाहनों से उतर कर पैदल ही अपने गंतव्य स्थान के लिए रवाना हुए। हालांकि जाम की स्थिति यह रही कि लोग पैदल भी नहीं चल पा रहे थे। घंटों बाद पुलिस के प्रयास के बाद जाम में फंसे वाहनों के पहिए धीरे-धीरे रेंगना शुरू हुए तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।