विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलवामा में तैनात CRPF के दारोगा की कार में लगा दी आग, प्रयागराज के थरवई में अराजकतत्वों की करतूत

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Updated: Thu, 05 Mar 2026 02:27 PM (IST)

प्रयागराज के थरवई में सीआरपीएफ दारोगा की कार को अराजकतत्वों ने आग लगा दी। दारोगा अजय नाथ गहलौत पुलवामा में तैनात हैं। उनकी कार कृष्णापुरी कॉलोनी में उनके घर के पास खड़ी थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

प्रयागराज के थरवई में कृष्णापुरी कॉलोनी में CRPF दारोगा की जली कार। जागरण

प्रयागराज के थरवई में कृष्णापुरी कॉलोनी में CRPF दारोगा की जली कार। जागरण 

HighLights

  1. घर से कुछ दूरी पर खड़ी थी कार, फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बुझाई आग

  2. थरवई पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के माध्यम से लगा रही पता

संसू, थरवई (प्रयागराज)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात दारोगा की कार को अराजकतत्वों ने आग के हवाले कर दिया। जानकारी होने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। हालांकि तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से घटना को अंजाम देने वाले अराजकतत्वों की पहचान का प्रयास कर रही है।

थरवई के कृष्णापुरी कॉलोनी में घर के पास खड़ी थी कार 

थरवई थाना क्षेत्र के 40 नंबर गुमटी के कोड़सर मार्ग स्थित कृष्णापुरी कॉलोनी निवासी अजय नाथ गहलौत श्रीनगर के पुलवामा में सीआरपीएफ की 185 बटालियन में दारोगा पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी संयोगिता गहलौत बच्चों के साथ कॉलोनी स्थित अपने मकान में रहती हैं। घर तक समुचित रास्ता नहीं होने के कारण उनकी सेंट्रो कार मकान से कुछ दूरी पर खड़ी की जाती थी।

कार जलकर हो गई राख 

बताया गया है कि मंगलवार देर रात करीब सवा 12 बजे अराजकतत्वों ने अजय नाथ गहलौत कार में आग लगा दी। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में जलकर राख हो गई।

अराजकतत्वों की पहचान का प्रयास कर रही पुलिस 

सूचना पर थरवई पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल गई थी। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रहे है ताकि कार में आग लगाने वाले अराजकतत्वों की पहचान हो सके। 

यह भी पढ़ें- कहां छिपा है लूट का आरोपित छैला बाबू...जमीन निगल गई या आसमान, प्रयागराज पुलिस जल्द पकड़ने का कर रही दावा

यह भी पढ़ें- कौशांबी में होली पर हादसा, गंगा नहाने गए थे तीन दोस्त; गहरे पानी में एक किशोर डूबा व दो बचाए गए