माफिया अतीक के बेटे उमर के समर्थकों ने प्रयागराज-प्रतापगढ़ में तोड़ा टोल प्लाजा का बैरियर, कर्मियों को कुचलने की कोशिश की
माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर के समर्थकों ने प्रयागराज के नवाबगंज व प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित भदरी टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों से गा ...और पढ़ें

टोल प्लाजा। जागरण आर्काइव
HighLights
नेशनल हाईवे-19 पर प्रयागराज के नवाबगंज स्थित टोल प्लाजा पर जमकर की गई अराजकता
प्रतापगढ़ में कुंडा के भदरी टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने का आरोप
उमर भाई अबान के सुपुर्द-ए-खास में शामिल होने 8 अगस्त को लखनऊ से आ रहा था प्रयागराज
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर के समर्थकों, करीबियों ने टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ दिया। तेज रफ्तार लग्जरी गाड़ियों से टोल कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश की। टोल टैक्स मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इससे टोल प्लाजा पर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस करेगी कार्रवाई
आज रविवार को सहायक टोल मैनेजर जय प्रकाश यादव की तहरीर पर नवाबगंज पुलिस ने 28 नामजद और कई अज्ञात गाड़ियों के खिलाफ मुकदमा कायम किया है। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी वाहन चालकों, उनके मालिकों से टोल टैक्स वसूलने सहित दूसरी कार्रवाई की जाएगी।
भाई के जनाजे में शामिल होने उमर को लाया जा रहा था
झांसी में अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। आठ अगस्त को उसका जनाजा उठना था और कसारी-मसारी में शव को दफनाया जाना था। इसमें शामिल होने के लिए लखनऊ जेल में बंद उमर को इलाहाबाद हाई कोर्ट से पैरोल मिली थी। उसे सरकारी प्रिजन वैन में लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था।
सहायक टोल मैनेजर का आरोप
नेशनल हाईवे-19 पर स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा के सहायक टोल मैनेजर का कहना है कि शनिवार दोपहर बाद कंप्यूटर आपरेटर अजीत, हेल्पर अंशुमान शुक्ला ड्यूटी पर थे। नियमानुसार टोल देने वाले वाहनों को पास किया जा रहा था। दोपहर तीन बजकर 50 मिनट पर अतीक अहमद के बेटे उमर को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ से लाया जा रहा था।
खबरें और भी
सरकारी गाड़ी जाने के बाद पीछे के वाहन रोके गए थे
आरोप है कि सरकारी गाड़ी गुजरने के बाद उनके पीछे कई गड़ियां थीं, जिनके ड्राइवर बिना टोल दिए जबरन निकलने लगे। कर्मचारियों ने रोकने का प्रयास किया तो गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। जान से मारने की नीयत से कर्मचारियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया। बैरियर भी तोड़ दिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। सरकारी बैरियर टूटने और टोल टैक्स नहीं मिलने से राजस्व को काफी नुकसान हुआ। इंस्पेक्टर नवाबगंज पंकज अवस्थी का कहना है कि सहायक टोल मैनेजर की तहरीर पर केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
मध्य प्रदेश, यूपी के कई वाहन रहे शामिल
एफआईआर के मुताबिक, बिना टोल देने, बैरियर तोड़ने, कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश के मामले में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की कई वाहन शामिल थे। इसमें स्कार्पियो, अर्टिगा, स्विफ्ट, ब्रेजा, थार, फांग्स, टियागो, डिजायर, फाच्यूर्नर, वैगनआर, हुंडई क्रेटा, एक्सयूवी के अलावा तमाम गाड़ियां बिना नंबर वाली थी रहीं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी गाड़ियों की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रतापगढ़ के कुंडा के टोल प्लाजा पर तोड़ा टोल बैरियर
माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए लखनऊ जेल से प्रयागराज जा रहे उमर के काफिले में शामिल दो वाहनों पर प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित भदरी टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। आरोप है कि टोल कर्मियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो चालक और उसमें सवार लोगों ने अभद्रता की और वाहन चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया।
उमर के पीछे समर्थकों का भारी काफिला साथ था
टोल प्लाजा पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। टोल प्लाजा के मैनेजर इसाक खान की तहरीर पर हथिगवां पुलिस ने दोनों वाहनों के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए लखनऊ जेल में बंद उमर को शनिवार को पुलिस अभिरक्षा में प्रयागराज ले जाया जा रहा था। उमर के साथ समर्थकों और अन्य लोगों का भारी-भरकम काफिला भी चल रहा था।
दो गाड़ियों ने टोल बैरियर तोड़ा
बताया गया कि काफिले में डेढ़ दर्जन से अधिक वाहन शामिल थे। शनिवार शाम करीब तीन बजे उमर का काफिला लखनऊ से प्रयागराज की ओर बढ़ रहा था। काफिला हथिगवां थाना क्षेत्र स्थित भदरी टोल प्लाजा पर पहुंचा तो आरोप है कि आगे चल रही दो गाड़ियों ने टोल पर लगे बैरियर को तोड़ दिया। दोनों वाहन बिना टोल दिए आगे निकल गए। बैरियर पर मौजूद कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो वाहन सवारों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। टोल कर्मचारियों का आरोप है कि विरोध करने परवाहन सवारों का रवैया और आक्रामक हो गया।
टोल कर्मियों को धमकाया, वाहन चढ़ाने का किया प्रयास
उन्होंने कर्मचारियों को धमकाने के साथ ही वाहन चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया। अचानक हुई घटना से टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। काफिले में शामिल अन्य वाहन भी वहां से निकलते रहे। हालांकि, टोल प्लाजा पर लगे ऑटोमेटिक कैमरा सिस्टम के कारण अन्य वाहनों का टोल स्वत: कट गया। घटना की जानकारी मिलते ही टोल प्रबंधन ने हथिगवां पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली और टोल परिसर में लगे कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को खंगालना शुरू कर दिया।
टोल प्लाजा मैनेजर ने मुकदमा दर्ज कराया
भदरी टोल प्लाजा के मैनेजर इसाक खान ने पुलिस को तहरीर देकर पूरी घटना की शिकायत की। तहरीर में संबंधित वाहनों के नंबर भी दिए गए हैं। पुलिस ने गाली-गलौज, धमकी देने और जान से मारने की नीयत से वाहन चढ़ाने का प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हथिगवां कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि टोल प्लाजा मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहनों के नंबर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।