विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

56 हजार पर्यटकों का रिकॉर्ड टूटेगा! पीटीआर के महोफ गेट पर सफारी प्रेमियों के लिए तैयार हो रही आधुनिक कैंटीन

Published: Mon, 14 Sep 2026 09:18 PM (IST)

पीलीभीत टाइगर रिजर्व का महोफ गेट पर्यटकों के लिए आधुनिक कैंटीन और शेड जैसी सुविधाओं के साथ विकसित किया जा ...और पढ़ें

पीटीआर का महोफ सफारी बुकिंग गेट। जागरण

पीटीआर का महोफ सफारी बुकिंग गेट। जागरण

HighLights

  1. महोफ गेट पर जर्जर भवन का कराया जा रहा जीर्णोद्धार

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीटीआर का महोफ गेट अब जल्द नए और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा। लंबे समय तक उपेक्षा का शिकार रहे इस गेट को अब टाइगर रिजर्व के मुख्य प्रवेश द्वार के रूप में विकसित किया जा रहा है। शहर के करीब होने के कारण यहां से जंगल सफारी पर जाने वाले पर्यटकों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है।

इसको ध्यान में रखते हुए आगामी पर्यटन सत्र से पहले यहां देसी-विदेशी मेहमानों के लिए बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। गेट पर पर्यटकों की सुविधा के लिए तमाम कार्य किए जा रहे हैं।

पीटीआर में बाघों की अठखेलियां और यहां का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को खूब लुभा रहा है। इसका नतीजा है कि यहां आने वाले सैलानियों का ग्राफ बढ़ रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, सत्र 2023-24 में 38,347 पर्यटकों ने पीटीआर का भ्रमण किया था।

वहीं, 2024-25 में यह आंकड़ा बढ़कर 55,837 तक पहुंच गया था, जबकि बीते पर्यटन सत्र में कुल 56,783 पर्यटकों ने जंगल सफारी का लुत्फ उठाया। पर्यटकों के इस रुझान को देखकर विभागीय अधिकारियों को उम्मीद है कि नए पर्यटन सत्र में यह आंकड़ा नए रिकार्ड बनाएगा।

बीते सत्र में अकेले महोफ गेट से 6,780 सैलानियों ने सफारी का आनंद लिया था। बीते पर्यटन सत्रों में महोफ गेट पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। यहां से सफारी के लिए आने वाले पर्यटकों के बैठने के लिए शेड तक की व्यवस्था नहीं थी।

अब पीटीआर प्रशासन गेट के समीप ही एक जर्जर भवन का जीर्णोद्धार करा रहा है। इसे संवारकर यहां एक बेहतरीन कैंटीन तैयार की जा रही है।

सैलानियों के आराम के लिए शेड और बेंचों की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे सफारी का इंतजार करते समय पर्यटकों को असुविधा नहीं हो। कैंटीन और शेड विकसित होने से महोफ गेट पर्यटकों के लिए और भी अधिक सुविधाजनक और पसंदीदा केंद्र बन जाएगा।

 

पीटीआर के महोफ गेट पर लगातार सुविधाओं को बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यहां पर्यटकों की सुविधा के लिए एक शेड व कैंटीन का निर्माण कराया जा रहा है।

- मनीष सिंह, उप निदेशक, पीटीआर


यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व में हाथियों का पक्का ठिकाना! 4 साल बाद भी बजट का इंतजार, आबादी में बढ़ा खौफ