नवोदय विद्यालय में मोबाइल चेकिंग और छात्रों के हंगामे का सच आया सामने, शिक्षकों पर लगे आरोप निकले झूठे
जवाहर नवोदय विद्यालय बीसलपुर में छात्रों की पिटाई के आरोप जांच में निराधार पाए गए, शिक्षकों को क्लीन चिट मिली है। मोबाइल फोन जब्त होने के बाद छात्रों ...और पढ़ें

जवाहर नवोदय विद्यालय
HighLights
जांच कमटी ने जवाहर नवोदय विद्यालय के केंद्रीय आयुक्त को सौंपी रिपोर्ट
31 जुलाई को आक्रोशित विद्यार्थियों ने जुलूस निकालकर किया था प्रदर्शन
संवाद सहयोगी, बीसलपुर (पीलीभीत)। ग्राम शिवपुरी नवदिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में शिक्षकों के छात्रों की पिटाई करने का आरोप जांच में झूठा निकला। जांच कमेटी ने केंद्रीय मुख्यालय के आयुक्त को रिपोर्ट सौंप दी है। जांच में शिक्षकों को क्लीन चिट मिलने के बाद इस मामले को लेकर विद्यालय में उपजा तनाव शांत हो गया है।
बीसलपुर के ग्राम शिवपुरी नवदिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के पास मोबाइल रखने की सूचना मिली थी। प्राचार्य प्रतिभा चौधरी ने कक्षा में प्रतिबंधित मोबाइल फोन 31 जुलाई को चेक करवाए थे।
कक्षा में इस कार्यवाही के दौरान छात्र हास्टल के एक कक्ष में बंद हो गए थे। प्राचार्य ने दरवाजा खुलवाकर 14 प्रतिबंधित मोबाइल फोन पकड़े थे। इस कार्यवाही के वाद छात्रों के तेवर उग्र हो गए थे। छात्रों ने शिक्षकों पर पिटाई करने का आरोप लगाया था। आक्रोशित छात्र विद्यालय से बाहर निकल आए थे और उन्होंने पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन कर धरना दिया था।
दिल्ली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के केंद्रीय मुख्यालय ने उप्र जवाहर नवोदय विद्यालय के सहायक आयुक्त डाॅ. बीके सिंह व जवाहर नवोदय विद्यालय शाहजहांपुर के उप प्राचार्य ऋषि पाल के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले की जांच सौंपी थी।
खबरें और भी
एक अगस्त को टीम ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की थी। मुख्य जांच अधिकारी सहायक आयुक्त डाॅ. बीके सिंह ने बताया कि जांच में छात्रों की पिटाई व उनका उत्पीड़न किए जाने का आरोप निराधार निकला। मोबाइल फोन पकड़े जाने पर छात्रों ने हंगामा किया था।
जांच रिपोर्ट जवाहर नवोदय विद्यालय केंद्रीय मुख्यालय दिल्ली के आयुक्त को सौंप दी है। प्राचार्य प्रतिभा चौधरी ने बताया कि विद्यालय में शांतिपूर्वक अनुशासित वातावरण में पढ़ाई हो रही है। पकड़े गए सभी 14 मोबाइल फोन उनके पास हैं। मेरठ की कंपनी से वाईफाई लगवाकर छात्रों को टेबलेट बांटे जाएंगे।