विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में दैनिक जागरण की खबर का असर: अब बिना उद्घाटन खुलेंगे स्कूल भवन, छात्रों को मिलेगी गर्मी से राहत

Updated: Sun, 26 Apr 2026 08:42 AM (IST)

दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद नोएडा के स्कूलों में उद्घाटन के इंतजार में बंद पड़े नए भवन अब छात्रों के लिए खोल दिए गए हैं। भीषण गर्मी में खुले में पढ़ने को मजबूर छात्रों को इससे बड़ी राहत मिली है।

मामूरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में नवीन कक्षाएं खुलवाकर पढ़ते छात्र।

मामूरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में नवीन कक्षाएं खुलवाकर पढ़ते छात्र।

HighLights

  1. नए स्कूल भवन उद्घाटन के इंतजार में बंद पड़े थे।

  2. छात्र भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे पढ़ रहे थे।

  3. दैनिक जागरण की खबर के बाद भवन छात्रों के लिए खुले।

चेतना राठौर, नोएडा। स्कूल में कक्षाओं के लिए बने नवीन भवनों के उद्घाटन के इंतजार में नौनिहालों को भीषण गर्मी में खुले परिसर में पढ़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। जिले के 35 प्राथमिक स्कूलों में जर्जर भवनों को हटाकर नए कमरे बनाए जा रहे हैं। 30 स्कूलों में भवन बनाकर तैयार है, उनका उदघाटन होना बाकी है। उदघाटन के इंतजार में नए भवनों पर ताले लटके हुए हैं। छात्रों को खुले आसमान में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है।

खबर प्रकाशित होने के बाद शिक्षा विभाग का निर्णय

दैनिक जागरण ने शुक्रवार को नोएडा के मामूरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय यह हाल देखा तो खबर प्रकाशित की। इस बात को प्रमुखता से उठाया कि खुले में बैठने से भीषण गर्मी में छोटे-छोटे बच्चों को किस तरह परेशानी उठानी पड़ रही है। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन जागा। शनिवार को सभी स्कूलों को बिना औपचारिक उद्घाटन के नवीन भवनों का ताला खोलकर कक्षाएं संचालित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग के आदेश पर सोमवार से सभी नए भवनों को छात्रों के लिए खोल दिया जाएगा।

C-131-1-NOI1774-430466

खबर पर संज्ञान लेते हुए शनिवार को ब्लाक एजुकेशन ऑफिसर चंद्र भूषण ने जिले के सभी प्रधानाचार्य की बैठक लेकर सभी को नवीन कक्षाएं उद्घाटन के बिना खोलने के निर्देश दिए हैं। वहीं मामूरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य को फटकार लगने के बाद शनिवार को स्कूल के नवीन कक्ष खुलवाकर छात्रों पढ़ाया गया। साथ ही विद्यार्थियों के लिए नवीन शौचालय खुलवा दिए गए हैं। जिससे छात्रों चेहरे पर खुशी झलक रही थी।

अभी पांच स्कूलों में भवन बनाने का काम बाकी

बता दें कि प्रदेश सरकार ने गत वर्ष प्राथमिक स्कूलों की कायापलट के लिए जर्जर भवनों को हटाकर नए कमरे बनाने के निर्देश दिए थे। जिले में अभी पांच स्कूलों में भवन बनाने का कार्य शेष रह गया है। वहां निर्माण कार्य जारी है। तीस स्कूलों में भवन बनकर तैयार हो चुके हैं। इसके बावजूद छात्र नए भवनों में बैठ रहे हैं या नहीं किसी अधिकारी ने सुध नहीं ली है।

स्कूलों में नवीन कक्षाओं का उद्घाटन कराने के इंतजार से विद्यार्थियों को परिसर में बैठाकर पढ़ा रहे हैं। छात्रों को गर्मी में परिसर में खुले में पढ़ना पड़ रहा है या एक ही कक्षा में दोगुनी संख्या में छात्रों को पढ़ाया जा रहा है। ऐसे में छात्र भयानक गर्मी में पढ़ने को मजबूर हैं। शिक्षा विभाग ने वर्ष 2025-26 में 35 स्कूलों की इमारतों को जर्जर घोषित कर दिया था।

जर्जर भवनों के निर्माण में पीडब्लूडी के तरफ से देरी हो रही है हमने सभी दस्तावेज भेज दिए हैं। साथ ही जिन स्कूलों को नवीन भवन मिल चुके हैं उन्हें उन कक्षाओं में छात्रों को पढ़ाने के निर्देश दिए हैं।


-

राहुल पंवार,बीएसए,गौतमबुद्ध नगर