बंद गोदाम से अचानक उठने लगा धुआं: नोएडा में शार्ट सर्किट से भीषण आग, टीनशेड काटकर डेढ़ घंटे में पाया काबू
नोएडा के सेक्टर 49 स्थित होशियारपुर गांव में मनीष शर्मा के इलेक्ट्रिक्स सामान के गोदाम में मंगलवार सुबह आग लग गई।

नोएडा के गोदाम में लगी के बाद का हाल। जागरण
HighLights
नोएडा के होशियारपुर गांव में इलेक्ट्रिक्स गोदाम में आग लगी।
शॉर्ट सर्किट को आग लगने का प्रारंभिक कारण बताया जा रहा है।
दमकल की 16 गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत होशियारपुर गांव के गली नंबर दो स्थित मनीष शर्मा का इलेक्ट्रिक्स सामान फ्रिज, कूलर आदि का गोदाम है।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे बंद गोदाम से लोगों को धुआं उठता दिखा। लोगों ने गोदाम मालिक और अग्निशमन टीम को सूचना दी।
आबादी के बीच संकरी गली में गोदाम होने के चलते अग्निशमन टीम को दिक्कत आई। 100 मीटर से ज्यादा पाइप फैलाया और स्थानीय पुलिस की मदद से आसपास के घरों से लोगों को बाहर निकाला। पानी की बौछार की। आग को फैलने से रोका, लेकिन आग कम नहीं होने के कारण अन्य प्रयास किए।
टीम ने गोदाम का टीनशेड काट कर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे में 16 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया।
गनीमत रही की आग के दौरान गोदाम बंद था। कोई अंदर नहीं था। आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
लाखों रुपये का सामान जलकर खाक
मनीष ने 150 गज के भूखण्ड पर मेजेनाइन आकार का गोदाम कम दुकान बना रखी थी। इसमें लाखों रुपये का फ्रिज, कूलर आदि माल रखा था। आग से अधिकांश माल जलकर राख हो गया। मनीष नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।
