नोएडा से दिल्ली का सफर होगा और भी आसान, चिल्ला एलिवेटेड रोड की लंबाई बढ़ेगी; महामाया के पास बनेगा नया पुल
नोएडा प्राधिकरण ने महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-94 तक बनने वाली एलिवेटेड रोड की प्रारंभिक डीपीआर संशोधन के लिए आईआईटी रुड़की को वापस भेजी है।
-1787106953451_m.webp)
नोएडा में चिल्ला एलिवेटेड रोड की लंबाई बढ़ेगी। फोटो: सांकेतिक
HighLights
प्रारंभिक डीपीआर संशोधन हेतु आईआईटी रुड़की को भेजी गई
अगले सप्ताह तक फाइनल डीपीआर मिलने की उम्मीद
यमुना तटबंध के लिए एलिवेटेड रोड के साथ पुल बनेगा
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-94 तक बनने वाली एलिवेटेड रोड की डीपीआर का अध्ययन करने के बाद इसे संशोधन के लिए आईआईटी रुड़की को भेज दिया है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक फाइनल डीपीआर नोएडा प्राधिकरण को मिल जाएगी।
इस परियोजना पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रारंभिक योजना में एलिवेटेड रोड की लंबाई करीब दो किमी तय की गई थी, लेकिन फाइनल डीपीआर में इसे बढ़ाकर 2.5 किमी किया गया है। परियोजना की खास बात यह होगी कि एलिवेटेड रोड के साथ एक पुल भी बनाया जाएगा। इससे लोग यमुना तटबंध की ओर सीधे जा सकेंगे।
नए रेट पर तैयार होगी डीपीआर
पिछले डेढ़ महीने से आईआईटी रुड़की में इस एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार की जा रही थी। हाल ही में आईआईटी ने प्रारंभिक डीपीआर नोएडा प्राधिकरण को सौंपी थी। प्राधिकरण ने इसका अध्ययन करने के बाद इसे संशोधन के लिए वापस भेज दिया है।
आईआईटी को नए लागू किए गए पीडब्ल्यूडी के रेट के आधार पर फाइनल डीपीआर तैयार करने के लिए कहा गया है। प्राधिकरण ने पिछले महीने पीडब्ल्यूडी के नए टेंडर रेट लागू किए हैं। इसके चलते आगामी सभी परियोजनाओं के टेंडर नए रेट के आधार पर किए जाएंगे।
महामाया के पास बनेगा पुल
आईआईटी द्वारा तैयार की जा रही फाइनल डीपीआर में महामाया के पास एक पुल बनाने का प्राविधान भी शामिल किया गया है। यह पुल चिल्ला एलिवेटेड रोड से सीधे कनेक्ट होगा। इससे यमुना तटबंध की ओर जाने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
वरिष्ठ प्रबंधक कपिल देव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक डीपीआर का अध्ययन करने के बाद इसे मंगलवार को आईआईटी को सौंप दिया गया है। फाइनल डीपीआर अगले सप्ताह में प्राप्त होगी।
यह भी पढ़ें- नोएडा अथॉरिटी में बड़ा घोटाला, ब्लैकलिस्टेड कंपनी का 62 E-Cycle डाॅक स्टेशनों पर कब्जा; करोड़ों की चपत
