Noida Airport का नया 10-लेन प्रोजेक्ट जोड़ेगा 3 बड़े एक्सप्रेसवे, DND से आगरा तक 35km का कॉरिडोर मंजूर
दिल्ली के डीएनडी फ्लाईवे से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक यमुना नदी के किनारे 10 लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाने की योजना को मंजूरी मिल गई है।

नोएडा एयरपोर्ट के लिए एलिवेटेड एक्सप्रेसवे मंजूर। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
10-लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे को मिली मंजूरी।
डीएनडी फ्लाईवे से नोएडा एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी।
यात्रा समय घटेगा, जाम से मिलेगी मुक्ति।
कुंदन तिवारी, नोएडा। दिल्ली बॉर्डर से यमुना नदी के किनारे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधे कनेक्टविटी का रास्ता साफ हो गया है। नोएडा डीएनडी फ्लाईवे से यमुना नदी के बांध के किनारे 10 लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। अभी बांध पर सड़क बनाने की योजना थी, लेकिन उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने इसमें अडंगा लगा रखा था।
35.1 किलोमीटर होगी लंबाई
सिंचाई विभाग द्वारा एनओसी न देने के कारण योजना खटाई में पड़ी थी। अब तय किया गया है कि बांध के समांतर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। इसका निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) करेगा। यह आठ लेन का होगा। दो लेन एग्जेस्टिंग होंगी। इसकी लंबाई करीब 35.1 किलोमीटर होगी।

किसे मिलेगा फायदा?
ग्रेटर नोएडा से आगरा तक बने यमुना एक्सप्रेसवे से भी इसे जोड़ा जाएगा। इसके बनने से खासकर नोएडा, फरीदाबाद, बदरपुर, पूर्वी व दक्षिण दिल्ली में रहने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। वह कम समय में बिना किसी अवरोध के एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। 15 जून से एयरपोर्ट से हवाई जहाज की उड़ान शुरू होगी।
बता दें कि नोएडा के ओखला बैराज से ग्रेटर नोएडा के घरबरा तक यमुना नदी के बांध से होते हुए एक सीधी सड़क बनाने की येाजना थी। घरबरा से एयरपोर्ट तक कनेक्टिवटी मार्ग बनाना था, लेकिन सिंचाई विभाग ने इसकी अनुमति नहीं दी।
सिंचाई विभाग इस बात पर अड़ा रहा है कि यमुना तटबंध के किनारे नया एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाए। तीनों प्राधिकरणों ने सोमवार को एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठकर निर्णय लिया कि अब इसे नोएडा डीएनडी फ्लाइवे स्थित टोल प्लाजा से यमुना तटबंध के किनारे गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी (घरबरा गांव) तक बांध के सामांतर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाए।
परियोजना के तैयार होने से आगरा, कानपुर, लखनऊ, ग्वालियर व झांसी जाने वाले लोग भी नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से जाने के बजाय कम समय में एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से जा सकेंगे। वाहन यात्री ग्रेटर नोएडा में गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के पास एलिवेटेड से यमुना एक्सप्रेसवे पर आ जाएंगे और वहां से सीधे आगरा, मथुरा जा सकेंगे। इससे कम समय लगेगा।
दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे पहुंचने में लगता है ज्यादा समय
नोएडा, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति रहने के कारण दिल्ली की तरफ से यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंचने में अधिक समय लग जाता है। पूर्व में एनएचएआई ने इस परियोजना की फिजीबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के लिए कंसल्टेंट कंपनी को नोएडा प्राधिकरण भेजा था।
यमुना तटबंध के रास्ते सेक्टर-94 से ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के पास घरबरा गांव तक इस रूट की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की गई, उधर, एनएचएआई ने दक्षिणी दिल्ली में सराय काले खां से बड़ौदा तक एक्सप्रेसवे तैयार कर दिया, जिससे डीएनडी फ्लाईवे जुड़ता है, इसी डीएनडी फ्लाइवे से मयूर विहार लिंक लाइन है, जो अक्षरधाम व सहारनपुर हाईवे से जुड़ रहा है।
तीसरा चिल्ला रेग्यूलेटर से महायामाया फ्लाइओवर तक तैयार होने वाला चिल्ला एलिवेटेड रोड का दो लूप डीएनडी फ्लाइवे से जुड़ रहे है। इसलिए एनएचएआई ने तीनों हाइवे के यातायात को यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचाने के लिए यमुना किनारे डीएनडी फ्लाइवे के एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाने की परियोजना को अपने पास ले लिया है।

