नोएडा एयरपोर्ट से IGI तक आसान होगा सफर, नमो भारत कनेक्टिविटी पर अगले सप्ताह मंथन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नमो भारत रैपिड रेल से जोड़ने पर अगले सप्ताह बैठक होगी, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम और यीडा के अधिकारी शामिल होंगे।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नमो भारत रैपिड रेल से जोड़ने पर अगले सप्ताह बैठक होगी। इमेज एआई
HighLights
नोएडा एयरपोर्ट को नमो भारत रैपिड रेल से जोड़ा जाएगा।
आईजीआई और नोएडा एयरपोर्ट कनेक्टिविटी पर होगी चर्चा।
72.44 किमी लंबा कॉरिडोर 20637 करोड़ में बनेगा।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नमो भारत रैपिड रेल परियोजना को लेकर अगले सप्ताह बैठक होगी। इसमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम और यीडा के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में मुख्य रूप से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और आइजीआइ एयरपोर्ट की नमो भारत रैपिड रेल के जरिये कनेक्टिविटी पर चर्चा होगी।
गाजियाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक रैपिड रेल कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराने के बाद राज्य सरकार इस प्रस्ताव को केंद्र के पास पहले ही भेेज चुकी है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नमो भारत रैपिड रेल से कनेक्टिविटी के लिए गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार से एयरपोर्ट तक 72.44 किमी लंबा कारिडोर प्रस्तावित किया गया है। यह कारिडोर ग्रेटर नोएडा वेस्ट, नालेज पार्क पांच, सूरजपुर होकर दनकौर व यीडा क्षेत्र से गुजरते हुए एयरपोर्ट तक जाएगा। इसका करीब डेढ़ किमी हिस्सा भूमिगत होगा। कारिडोर के निर्माण पर 20637 करोड़ लागत का अनुमान है।
इस कॉरिडोर के बनने से ग्रेटर नोएडा की सार्वजनिक परिवहन सेवा मजबूत होगी। इसके साथ ही नमो भारत रैपिड रेल कारिडोर पर नालेज पार्क पांच तक मेट्रो का भी संचालन प्रस्तावित है। यीडा एसीईओ शैलेंद्र भाटिया का कहना है कि रैपिड रेल परियोजना को लेकर अगले सप्ताह एनसीआरटीसी के अधिकारियोंं के साथ बैठक प्रस्तावित है।
आइजीआइ एयरपोर्ट व नोएडा एयरपोर्ट की रैपिड रेल कनेक्टिविटी को लेकर इस बैठक में चर्चा होगी। दोनों एयरपोर्ट के बीच यात्रियों की सुगम व कम समय में आवाजाही सुनिश्चित होना बेहद जरूरी है। प्रस्तावित कारिडोर के जरिये इस कनेक्टिविटी को कैसे पूरा किया जाएगा, इस पर चर्चा की जाएगी।
नमो भारत का प्रस्तावित रूट व स्टेशन
गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति गोलचक्कर, नालेज पार्क पांच, सूरजपुर, जगतफार्म, परीचौक होकर ईकोटेक छह, यीडा के सेक्टर 17, 18, 21 होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक है। सूरजपुर में यह कारिडोर गुरुग्राम- फरीदाबाद नमो भारत रैपिड रेल कारिडोर से जुड़ेगा।
एयरपोर्ट की अभी सिर्फ सड़क कनेक्टिविटी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से घरेलू यात्री सेवा शुरू हो चुकी हैं। दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा भी शुरू होने की संभावना है। अभी एयरपोर्ट तक यात्रियों की आवाजाही सड़क मार्ग से है। भविष्य में यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए रैपिड रेल व हाई स्पीड रेल कारिडोर से जोड़ने की योजना है।

