नोएडा एयरपोर्ट के महंगे किराए को लेकर भाजपा विधायक ने उठाए सवाल, UDF कम करने को लेकर लिखी PM-CM को चिट्ठी
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर प्रस्तावित यूजर डेवलपमेंट चार्ज (यूडीएफ) और अन्य यात्री शुल्कों को लेकर चिंता जताई है। ...और पढ़ें

एयरपोर्ट के यूजर डेवलपमेंट चार्ज कम करने की मांग को लेकर विधायक ने प्रदेश-केंद्र सरकार को भेजा पत्र

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जेवर। जेवर से भाजपा विधायक ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पर प्रस्तावित यूजर डेवलपमेंट चार्ज (यूडीएफ) एवं अन्य यात्री शुल्कों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव को पत्र भेजा है।
विधायक ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की सबसे महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एवं संपूर्ण उत्तर भारत की जनता को अत्यधिक अपेक्षाएं हैं।
यह एयरपोर्ट भविष्य में निवेश, रोजगार, औद्योगिक विकास एवं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र बन सकता है, लेकिन प्रारंभिक चरण में प्रस्तावित शुल्क संरचना जनहित के विपरीत प्रतीत हो रही है।
जेवर विधायक ने दिल्ली और नोएडा एयरपोर्ट से रेट भी बताए
जेवर से भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह ने पत्र में लिखा कि सात मई को इंडिगो एयरलाइंस द्वारा 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रारंभ होने वाली उड़ानों का शेड्यूल जारी किया गया।
प्रारंभिक टिकट दरों के अनुसार लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट तक की उड़ान लगभग 5072 रुपये कीमत की प्रदर्शित हो रही है, जबकि इसी अवधि में लखनऊ से दिल्ली एयरपोर्ट तक की उड़ानें लगभग 3600 से 4300 रुपये में उपलब्ध हैं।
उन्होंने इसे चिंताजनक बताते हुए कहा कि एयरपोर्ट को एक वैकल्पिक व आधुनिक एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। यदि प्रारंभिक चरण में ही टिकट दरें दिल्ली एयरपोर्ट से अधिक रहेंगी, तो इससे यात्रियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ेगा।
वर्तमान में एयरपोर्ट तक मेट्रो, रैपिड रेल एवं अन्य मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी भी नहीं है। एनसीआर एवं पश्चिमी यूपी के यात्रियों को यहां तक पहुंचने में समय और पैसा अधिक खर्च करना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में दिल्ली एयरपोर्ट की तुलना में अधिक यूडीएफ एवं शुल्क तर्कसंगत नहीं हैं।
खबरें और भी

दिल्ली से 24 प्रतिशत एटीएफ कम फिर भी फ्लाइट टिकट महंगी
प्रदेश में एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) पर कर मात्र एक प्रतिशत है, जबकि दिल्ली में यही कर लगभग 25 प्रतिशत है। इसके बावजूद यदि टिकट दरें अधिक रखी जाती हैं, तो यह यात्रियों के हित में नहीं हैं।
उन्होंने मांग की कि प्रस्तावित यूजर डेवलपमेंट चार्ज एवं अन्य शुल्कों का पुनर्मूल्यांकन कर सही किया जाए, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रारंभिक संचालन वर्षों में यात्री शुल्क एवं यूडीएफ को दिल्ली एयरपोर्ट से कम रखा जाए, एयरपोर्ट को आम नागरिकों के लिए सुलभ एवं किफायती बनाए रखने के लिए आवश्यक नीति-निर्णय लिए जाएं।
जेवर विधायक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्य सचिव, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री व केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री और अधिकारियों को पत्र भेजे हैं।