Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर ज्वैलरी मुनीम से गहनों से भरा बैग लूटा, बयान बदलने पर जांच तेज

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 06:49 AM (IST)

    ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर ज्वैलरी मुनीम से गहनों से भरा बैग लूट लिया गया। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, लेकिन मुनीम के बयान ...और पढ़ें

    एआई जेनेरेटेड इमेज।

    एआई जेनेरेटेड इमेज।

    HighLights

    1. यमुना एक्सप्रेसवे पर ज्वैलरी मुनीम से गहनों का बैग लूटा गया।

    2. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, जांच जारी।

    3. मुनीम के बयान बदले, पुलिस को साजिश का शक।

    जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बीटा दो कोतवाली अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात आगरा निवासी ज्वैलरी दुकानदार के मुनीम से सफेद रंग की बलेनो कार से पहुंचे चार बदमाश गहनों से भरा बैग लूट कर फरार हो गये।

    पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज करने के आठ घंटे बाद ही मुनीम द्वारा बताई कार की लोकेशन ट्रेस कर घटना के समय उसमें सवार दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

    फिलहाल मुनीम ने उन दोनों संदिग्धों के घटना में शामिल होने से इन्कार कर दिया। जबकि मुनीम ने फुटेज में दोनों की फोटाे देख कर उन्हीं के द्वारा लूट करने का दावा किया था। फिलहाल शुरुआती जांच में मुनीम और उनकी कार के चालक द्वारा बताया गया घटना घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्य आपस में मेल नहीं खा रहे हैं।

    बता दें आगरा के कमला नगर स्थित ज्वैलर्स पंकज अग्रवाल के यहां पिछले 10 वर्ष से काम करने वाले मुनीम राम कुमार शर्मा एक अगस्त की रात करीब 10 बजे चालक दीपक चौहान के साथ इनोवा कार से दिल्ली गए थे।

    चांदनी चौक ट्रांसपोर्ट से मालिक के बहनोई से कच्ची चांदी लेकर रात करीब तीन बजे आगरा के लिए निकले थे। रास्ते में आनलाइन बुकिंग से सलमान को सराए काले खां और हर्षित गर्ग को एडवांट नोएडा के पास सवारी के रूप में बैठाया था।

    बीटा दो कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर पीछे से बिना नंबर की सफेद बलेनो कार से पहुंचे चार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने राम कुमार को अपनी कार में बिठा लिया, जबकि एक बदमाश उनकी कार में सवार हो गया।

    खबरें और भी

    कई बार बदले बयान

    रामकुमार से बदमाशों ने कच्ची चांदी और सोने व चांदी के गहनों का थैला लूट लिया और उसे नीचे उतार कर फरार हो गये। मुनीम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की है।

    जिस कार से वारदात अंजाम दी गई, पुलिस ने उसमें सवार दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर मुनीम व चालक से पहचान कराई। मुनीम व चालक ने उक्त घटना में दोनों के शामिल होने से मना कर दिया।

    मुनीम व चालक घटनाक्रम को लेकर कई बार बयान भी बदल चुके हैं। ऐसे में दोनों संदेह के घेरे में हैं। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कुछ अहम साक्ष्य मिले हैं। संभवत: मंगलवार को घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

    मुनीम व चालक के बताए घटना क्रम और पुलिस जांच में मिला अंतर

    मुनीम रामकुमार शर्मा ने दर्ज कराई शिकायत में बताया था कि पीछे से आए कार सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका। पुलिस का दावा है कि सलमान और हर्षित ने पूछताछ में बताया कि चालक ने एक्सप्रेसवे पर किनारे ही कार खड़ी कर रखी थी। उनकी कार की दोनों तरफ की खिड़कियां भी खोल रखीं थी।

    मुनीम कार से बाहर निकल कर बार-बार पीछे की तरफ देख रहा था। कुछ देर बाद पीछे से आई सफेद रंग की बलेनो में सवार चार लोग आए, किसी ने भी मुंह नहीं ढका था।

    एक बदमाश उनकी कार में बैठा, जबकि दो बदमाश मुनीम को अपनी कार में बिठा कर ले गये थे। कुछ दूर आगे मुनीम सड़क किनारे खड़े मिले। उसके बाद चारों बदमाश सफेद कार से आगरा की तरफ फरार हो गये।

    पहले से ही गहने गायब करने व खुद साजिश रचने की आशंका

    पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूर्व निर्धारित साजिश के तहत घटना अंजाम दी गई। मुनीम व कार चालक भी संदेह के घेरे में हैं। कार सवार चारों संदिग्ध भी साजिश का हिस्सा हैं। जो गहने लूटने का दावा किया जा रहा है, आशंका है कि उन्हें पहले से ही ठिकाने लगा दिया गया था।

    यह भी पढ़ें- पानीपत में बुजुर्ग को नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट, 40 हजार रुपये और सोने की बालियां लूटीं

    यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में दिनदहाड़े लूट, बाइक पर पिस्तौल-गंडासी लेकर घूम रहे थे लुटेरे; मौका मिलते ही ज्वेलरी कारोबारी को लूटा