ग्रेटर नोएडा के चिटहेरा गांव के पास बनेगा मिनी स्टेडियम, 50 हजार युवाओं को मिलेगा खेल का बेहतर मंच
दादरी क्षेत्र के चिटहेरा गांव में मिनी स्टेडियम का निर्माण जल्द शुरू होगा, जिससे 50 हजार से अधिक युवाओं को खेल अभ्यास का अवसर मिलेगा।

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated
HighLights
चिटहेरा गांव में मिनी स्टेडियम का निर्माण जल्द शुरू होगा
50 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा खेल अभ्यास का अवसर
जमीन हस्तांतरित, बजट प्रस्ताव शासन को भेजा गया
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। दादरी क्षेत्र के चिटहेरा गांव के पास जल्द ही अब मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू हो जाएगा। स्टेडियम के लिए चिंहित करीब 7.53 एकड़ जमीन खेल विभाग के नाम हस्तांतरित हो चुका है। अब खेल निदेशालय के माध्यम से इसके निर्माण पर आने वाले कुल बजट का प्रस्ताव भी शासन को भेज दिया गया है।
मिनी स्टेडियम के निर्माण से दादरी क्षेत्र के करीब 50 हजार से अधिक युवाओं को खेल के क्षेत्र में भविष्य संवारने का मौका मिलेगा। अभी तक दादरी क्षेत्र के युवाओं को खेल अभ्यास के लिए ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम या गाजियाबाद व बुलंदशहर तक की दौड़ लगानी पड़ती थी। ऐसे युवाओं को घर के पास ही मिनी स्टेडियम के रूप बेहतर खेल अभ्यास की सुविधा उपलब्ध होंगी।
सीएम योगी ने 9 मार्च 2025 को किया था एलान
दरअसल, दादरी क्षेत्र के युवाओं को खेल में भविष्य संवारने के दृष्टिकोण से एक मिनी स्टेडियम कई सालों से प्रस्तावित है। इसे दादरी विधायक तेजपाल नागर के प्रयासों से आगे बढ़ाया गया। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को उचित खेल संसाधन मुहैया कराने की जरूरतों को देखते हुए दादरी विधायक ने इसका प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखा था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 मार्च 2025 को इस स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की थी। इसके लिए लगभग 7.53 एकड़ जमीन चिह्नित की गई। यूपीसीडको द्वारा इसका सर्वे कराया गया। यह स्टेडियम ग्रामीण युवाओं को क्रिकेट, फुटबाल और एथलेटिक्स जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा।
मिनी स्टेडियम में मिलेंगी ये सुविधाएं
चिटहेरा गांव में प्रस्तावित मिनी खेल स्टेडियम में 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, बहुद्देशीय तीन मंजिला हाल, कुश्ती, कबड्डी, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट, इंडोर हाल, बैडमिंटन, कुश्ती, बॉक्सिंग, जूडो, जिम विकसित करने की योजना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्राथमिक स्तर पर बेहतर खेल सुविधाएं मुहैया हो सकेंगी।
ग्रेनों में ये स्टेडियम हैं पहले से मौजूद
- शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स।
- जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम मलकपुर।
- युवा कल्याण विभाग को दुजाना व सोरखा गांव में खेल मैदान।
शासन स्तर में जमीन हस्तांतरित करने की फाइल भेजी गई थी। इसमें इंडोर और आउटडोर दोनों तरह के खेलों के आयोजन व प्रशिक्षण की सुविधा देने की तैयारी है। जमीन खेल विभाग के नाम दर्ज हो गया है। अब निदेशालय के माध्यम से निर्माण बजट शासन को भेजा गया है। स्वीकृत मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

