चिल्ला एलिवेटेड रोड को PM गति शक्ति से मिले 100 करोड़, 10 लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत; कब तक बनकर होगा तैयार
चिल्ला एलिवेटेड रोड परियोजना को पीएम गति शक्ति योजना के तहत 100 करोड़ रुपये मिले हैं, जिससे इसका 55 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

चिल्ला एलिवेटेडे रोड का होता निर्माण।
HighLights
चिल्ला एलिवेटेड रोड को पीएम गति शक्ति से 100 करोड़ मिले।
परियोजना का 55 प्रतिशत कार्य पूरा, 10 लाख लोगों को लाभ।
दिसंबर 2027 तक यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य निर्धारित।
जागरण संवाददाता, नोएडा। चिल्ला एलिवेटेड रोड के लिए पीएम गति शक्ति योजना के तहत 250 करोड़ रुपये की मांग की गई है। पहले चरण में 100 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है।
इस परियोजना का 55 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिससे लगभग 10 लाख लोगों को लाभ होगा। इस एलिवेटेड रोड के निर्माण पर कुल 892.75 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह 5.570 किलोमीटर लंबा और छह लेन का होगा।
महाप्रबंधक सिविल एसपी सिंह ने बताया कि परियोजना के तहत, एलिवेटेड रोड को शाहदरा ड्रेन के समानांतर आगे बढ़ाते हुए कालिंदी कुंज रोड को पार कर सेक्टर-94 के पास जोड़ा जाएगा।
इसके अतिरिक्त, सेक्टर-94 से जोड़ने के लिए एक दो किलोमीटर लंबा एलिवेटेड लिंक रोड भी बनाया जाएगा, जिसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) आइआइटी द्वारा तैयार की जा रही है।
परियोजना की प्रगति रिपोर्ट
अब तक 1567 पाइल्स में से 1286 का निर्माण पूरा हो चुका है। 271 पाइल कैप्स में से 181 का कार्य भी संपन्न हो चुका है। इसके अलावा 271 पियर शाफ्ट में से 122 का निर्माण और 1310 गर्डर में से 378 की कास्टिंग पूरी की जा चुकी है।
अब तक परियोजना की कुल भौतिक प्रगति 50 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 38.10 प्रतिशत दर्ज की गई है। ईपीसी कांट्रैक्टर द्वारा कराये गए कार्य की भौतिक प्रगति 32.54 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 29.67 प्रतिशत रही है।
कुल मिलाकर लगभग 200 करोड़ रुपये का कार्य संपन्न हो चुका है। इस परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा कर यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
यह एलिवेटेड रोड 296 पिलर पर बनाई जाएगी, जिनमें से 280 पिलर बन चुके हैं। 16 पिलर का निर्माण अभी बाकी है।
