गेल, धवन और हरभजन लगाएंगे चौके-छक्के, ग्रेटर नोएडा में होने जा रही बिग क्रिकेट लीग; एंट्री होगी मुफ्त
ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 3 से 13 जून तक पहली बार बिग क्रिकेट लीग (BCL) का आयोजन होगा। इसमें शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

बिक क्रिकेट लीग के लिए नोएडा में जुटेंगे क्रिकेट के दिग्गज। फोटो: आर्काइव
HighLights
ग्रेटर नोएडा में 3 से 13 जून तक BCL का आयोजन
धवन, हरभजन, गेल जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
सभी मैचों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में पहली बार Big Cricket League (BCL) का आयोजन तीन से 13 जून तक होगा। इसमें शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल, रास टेलर, थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान सरीखे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चौके व छक्के जड़ते नजर आएंगे।
बिग क्रिकेट लीग के सभी मैचों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निश्शुल्क रहेगा। इस मैच के आयोजन के लिए क्रिकेट ग्राउंड और आसपास सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह ने सभी संबंधित विभागों की बैठक कर तैयारियों को प्राथमिकता पर तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस आयोजन के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी सहयोगी की भूमिका निभा रहा है।
छह टीमें 18 मुकाबले खेलेंगी
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि ऑनलाइन ट्रैवल टेक कंपनी ईज माई ट्रिप के सहयोग से आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइजी टीमें टी-20 फार्मेट में 18 मुकाबले खेलेंगी। इसकी मौजूदा चैंपियन मुंबई मरींस है।
इन मैचों का सीधा प्रसारण और डिजिटल स्ट्रीमिंग भी 25 से अधिक देशों में किया जाएगा। ईज माई ट्रिप के संस्थापक एवं चेयरमैन निशांत पिट्टी ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग के साथ साझेदारी बेहद रोमांचक और संतोषजनक रही है।
बिग क्रिकेट लीग के लीग कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग का उद्देश्य एक विश्वस्तरीय क्रिकेट मंच तैयार करना है, ताकि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और क्रिकेट के महान खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिल सके।

