मुजफ्फरनगर में प्रेमी के घर के बाहर हंगामा कर प्रेमिका ने जहर खाकर जान दी
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में प्रेमी के घर के बाहर जहर खाने वाली युवती की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
नई मंडी क्षेत्र के गांव में दो साल से प्रेम-प्रसंग था दोनों के बीच।
चार माह पहले दुष्कर्म के मामले में जेल गया था प्रेमी युवक।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। प्रेमी के घर के बाहर प्रेमिका ने हंगामा किया। उसके बाद कीटनाशक खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। युवती के स्वजन ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। युवक जून में दुष्कर्म के मामले में जेल से जमानत पर छूटकर आया था।
नई मंडी क्षेत्र के एक गांव में दो साल से युवक का पड़ोसी युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अप्रैल में युवती की मां ने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे मई में जेल भेज दिया था।
जून में युवक जमानत पर छूटकर आया। युवती उससे बात करने तथा शादी करने की जिद पर अड़ी थी। इसी बीच स्वजन ने उसका रिश्ता तय कर दिसंबर में शादी करने की तैयारी की थी।
युवती ने इसका विरोध कर रिश्ता खत्म करा दिया। इंस्पेक्टर नई मंडी आनंददेव मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को युवक अपने दोस्त के साथ स्कूटी से जिम जा रहा था। रास्ते में युवती ने उसे रोक लिया और स्कूटी के सामने खड़ी हो गई। उसने युवक पर उससे बात करने का दबाव बनाया और साथ चलने के लिए कहा, लेकिन युवक वहां से चला गया। युवती भी अपने घर चली गई, मगर कुछ देर बाद प्रेमी के घर के बाहर पहुंची और हंगामा किया।
युवक ने दरवाजा बंद कर लिया तो उसे खुलवाने का प्रयास किया। हंगामा होने पर युवक ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले युवती ने कीटनाशक खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। स्वजन और पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवती की मां ने बेटी द्वारा जहर खाने की बाबत लिखकर दिया है, लेकिन कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। देर शाम गांव में युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
