अजब-गजब: मुरादाबाद के इस गांव में 'भूतिया' शिकायतों से मचा हड़कंप, 3 महीने में 50 फर्जी केस!
मुरादाबाद के मोहम्मदपुर मनसूख गांव में आईजीआरएस पोर्टल पर ग्राम प्रधान सहित 50 ग्रामीणों के नाम से फर्जी शिकायतें दर्ज की गई हैं। शिकायतकर्ता खुद शिका ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
जांच के लिए मौके पर अफसरों के पहुंचने के बाद खुली पोल
जिनके नाम से हो रहीं थी शिकायतें, उन्होंने खुद किया इन्कार
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बिलारी क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर मनसूख उर्फ धमावली में अजब-गजब मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान समेत कई लोगों के नाम से शासन में शिकायत की जा रही है। शिकायत आइजीआरएस पोर्टल पर की जा रही है। जांच के लिए अधिकारी गांव में पहुंच रहे है। शिकायतकर्ता शिकायत करने की बात से ही इन्कार कर दे रहे हैं। शिकायत के साथ ग्राम प्रधान का पेड भी लगाया जा रहा है।
तीन माह से चल रहा शिकायतों के इस दौर में करीब 50 लोगों के खिलाफ शिकायत की जा चुकी है। इससे ग्रामीण एक दूसरे रंजिश मान रहे हैं। समस्या गंभीर होते देख ग्राम प्रधान पति कई लोग मंगलवार को एसएसपी से मिले। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए थाना पुलिस के अलावा सर्विलांस की टीम गांव में जांच के लिए भेज दी।
ग्राम प्रधान सोमवती समेत गांव के ही महिपाल सिंह, माेनू, सतपाल, अशोक, रतन के नाम से शिकायत की जा रही है। आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत करते समय जिनके नाम से शिकायत की जा रही है उन्हीं का मोबाइल नंबर भी दिया जा रहा है। अब तक करीब 50 ग्रामीणों के खिलाफ शिकायत की जा चुकी है।
गांव के रामवीर सिंह के नाबालिग बेटे का जन्मप्रमाण पत्र फर्जी बताया गया तो राजकुमार का निवास प्रमाण पत्र फर्जी बताया। जिन लोगों के खिलाफ अब तक शिकायत दर्ज की गई है उसी के प्रमाण पत्रों को फर्जी बताया गया है। तीन माह से लगातार हो रही शिकायत के चलते ग्रामीणों ने आपस में रंजिश माननी शुरू कर दी है।
स्थिति यह है कि किसी दिन भी गांव में बड़ा विवाद हो सकता है। क्योंकि शिकायतकर्ता भले ही शिकायत करने की बात से इन्कार कर रहे हो, लेकिन कुछ लाेग उनकी बात पर विश्वास नहीं कर रहे हैं। इन शिकायतों में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बनवाने के आरोप लगाए गए हैं।
मंगलवार दोपहर ग्राम प्रधानपति नवल किशोर मीना गांव के ही महिपाल सिंह, माेनू, सतपाल, अशोक, रतन एसएसपी सतपाल अंतिल से मिले। उन्होंने एसएसपी के सामने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी प्रकार की शिकायत नहीं की है और उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने थाना पुलिस के साथ सर्विलांस टीम को जांच के लिए गांव भेज दिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शिकायतें किस माध्यम से और किसके द्वारा भेजी जा रही हैं।
कुछ लोगों ने शिकायत की है। मामला गंभीर है। इससे गांव में मनमुटाव भी बढ़ रहा है। इसी के चलते तुरंत थाना पुलिस के अलावा सर्विलांस टीम को जांच के लिए गांव भेज दिया गया है। जांच के माध्यम से पुलिस उस व्यक्ति का पता लगा रही है जो फर्जी तरीके से शिकायत कर रहा है।
- सतपाल अंतिल, एसएसपी
यह भी पढ़ें- भूलकर भी न करें 'Battery Update' पर क्लिक, मुरादाबाद में कारोबारी के खाते से साफ हुए ₹8.81 लाख

