Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: 40 हजार के लिए बच्चों के सामने माता-पिता को चाकुओं से गोदा, मौत तक नहीं रुके कातिल

    Updated: Mon, 20 Apr 2026 11:51 PM (IST)

    मुरादाबाद में एक मकान के विवाद में दंपती की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि 40 हजार रुपये के लिए पड़ोसियों ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिससे ...और पढ़ें

    मृतक फरहा और राजा का फाइल फोटो

    मृतक फरहा और राजा का फाइल फोटो

    HighLights

    1. हत्यारोपितों के दुस्साहस पर चीखते रहे मासूम, मगर सांस थमने तक लगातार किये चाकू से वार

    2. दो लाख 24 हजार में तय हुआ था मकान का सौदा, वारदात के बाद फरार हुए सभी आरोपित

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मुहल्ला नाला (चक्कर की मिलक) में सोमवार रात मकान के 40 हजार रुपये के विवाद में राजा और उसकी पत्नी फराह की पड़ोसी फरजंद, फरजंद के चचेरे भाई और उसके साथी ने मिलकर घर में घुसकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सिर से लेकर पेट तक हत्यारोपितों ने तब तक हमला किया जब तक दोनों की सांसें नहीं थम गईं।

    इस बीच मां की गोद से छटककर दूर गिरा डेढ़ साल का मासूम अब्बास, मौके पर मौजूद दो अन्य बच्चे पांच वर्षीय आतिफ व सात वर्षीय अफ्शा चीखते रहे। बावजूद हत्यारोपित नहीं रुके और वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

    पुलिस के अनुसार, राजा ने करीब एक साल पहले अपने पड़ोसी फहीम से एक कमरे का मकान खरीदा था। मकान दो लाख 24 हजार रुपये में तय हुआ। जिसमें से राजा ने दो लाख रुपये देकर मकान पर कब्जा ले लिया था। फहीम ने मकान की रजिस्ट्री नहीं कराई गई थी।

    आरोप है कि अब फहीम 24 हजार के बजाए 40 हजार रुपये लेकर मकान की रजिस्ट्री कराने की बात कर रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ था। रविवार शाम इसी रकम को लेकर दोनों में कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। राजा ने फहीम को पीट दिया, जिससे उसके हाथ में चोट आई थी।

    खबरें और भी

    यही विवाद अगले दिन खूनी संघर्ष में बदल गया। सोमवार रात करीब आठ बजे फहीम का बेटा फरजंद, उसका भतीजा और एक अन्य युवक राजा के घर में जबरन घुस गए। आरोप है कि तीनों ने राजा और उसकी पत्नी फराह पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया।

    हमलावरों ने सिर से लेकर पेट तक कई वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपित दंपती की मौत होने तक चाकुओं से हमला करते रहे। घटना के दौरान घर में मौजूद राजा के छोटे-छोटे बच्चों की चीख-पुकार गूंजती रही। हमले के दौरान फराह की गोद से मासूम बच्चा भी छिटककर जमीन पर गिर गया।

    जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक दंपती की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए और परिवार के अन्य लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। पुलिस ने दरवाजे तोड़कर अंदर तलाशी ली, लेकिन आरोपित हाथ नहीं लगे।

    मृतक राजा की मां रानी ने बताया कि उनका बड़ा बेटा राजा ही परिवार का सहारा था। वह अपने छोटे बेटे शुएब के साथ अलग रहती हैं। दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात पर डीआइजी मुनिराज जी, एसएसपी सतपाल अंतिल फोर्स संग मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

     

    प्रारंभिक जांच में मामला मकान को लेकर आपसी विवाद का है, जिसमें आर्थिक लेनदेन मुख्य वजह सामने आई है। घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    - सतपाल अंतिल, एसएसपी


    यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में पंचायत कार्यों में लापरवाही पर भड़के सीडीओ, 5 तारीख तक मानदेय और 'A' रैंक का लक्ष्य