Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सावधान! मुरादाबाद में मिले 1,000 'म्यूल अकाउंट', 5 करोड़ की साइबर ठगी से हड़कंप; कहीं आपका खाता भी तो नहीं?

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 11:20 PM (IST)

    मुरादाबाद में साइबर ठगों ने 1000 से अधिक 'म्यूल अकाउंट' का इस्तेमाल कर देश भर से 5 करोड़ रुपये की ठगी की है। पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज ...और पढ़ें

    म्‍यूल अकाउंट

    म्‍यूल अकाउंट

    HighLights

    1. देश के अलग-अलग जगह से हुई ठगी के मुरादाबाद में खोले गए खातों में पहुंची धनराशि

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिले में साइबर ठगों ने बड़ा जाल बिछा रखा है। देश के अलग-अलग स्थानों से की गई साइबर ठगी के पांच करोड़ रुपये जिले में ठगों द्वारा खुलवाए गए एक हजार से अधिक म्यूल अकाउंट में पहुंचे हैं। जानकारी मिलने के बाद अलग-अलग थानों में पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

    नेशनल साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच में इसका राजफाश हुआ है। यह सभी खाते बीते दो साल के अंदर खुलवाए गए है। इसमें अधिकांश ऐसे खाताधारक है जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा देकर खाते खुलवाए गए है।

    साइवज्र आपरेशन के तहत नेशनल साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को मुरादाबाद की साइबर थाने की पुलिस ने इन एक हजार बैंक खातों को चिह्नित किया। इसके बाद टीमों ने इन खातों की जांच की। जिसमें सामने आया कि मुरादाबाद के एक हजार खातों को साइबर ठगी में इस्तेमाल किया गया है।

    जांच में यह बात भी सामने आई है कि यह म्यूल अकाउंट हैं और इन खातों को खोलते समय जिन मोबाइल नंबर और ईमेल आइडी का इस्तेमाल किया गया। उन्हें बाद में अपडेट करने के बाद उन पर दूसरे मोबाइल नंबर और ईमेल आइडी दर्ज की गई हैं। कहीं फर्म के नाम पर खाते खोले गए तो कहीं खाता धारक की बिना जानकारी के उसके दस्तावेज इस्तेमाल किए गए हैं।

    खबरें और भी

    पुलिस की जांच में सामने आया है कि इन खातों में करीब पांच करोड़ से ज्यादा रकम आई है। किसी खाते में एक हजार रुपये आए हैं तो किसी खाते में लाखों की रकम ट्रांसफर की गई है। यूपी के अलग-अलग जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मुंबई, राजस्थान समेत अन्य राज्यों के शहरों में स्थित बैंक खातों से भी रकम ट्रांसफर की गई है।

    अब तक मुरादाबाद के डिलारी, भोजपुर, कटघर, मझोला, मैनाठेर थानों में 15 के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। अन्य बैंक खातों की जांच में पुलिस जुटी है। जल्द ही कुछ और लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर सकती है।

    जिले की 248 बैंक शाखाओं में करीब 45 लाख खाताधारक

    जिले में विभिन्न बैंकों की करीब 248 बैंक शाखाएं हैं। इन बैंक शाखाओं में करीब 45 लाख खाताधारक है। इनमें ही एक हजार म्यूल अकाउंट धारक है। म्यूल अकाउंट किसी व्यक्ति के नाम पर बैंक में खुला होता है। इसका इस्तेमाल साइबर अपराधी दूसरों से ठगी गई रकम को ठिकाने लगाने के लिए करते हैं।

    बैंक खाता धारक यह बरतें सावधानी

    • किसी भी अनजान के कहने पर सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए बैंक खाता न खुलवाए।
    • बैंक खाता खुलवाने के बाद किसी को भी अपनी चेक बुक, पासबुक या एटीएम कार्ड न दें।
    • सरकारी योजनाओं के लाभ दिलाने का झांसा देकर कोई आपके प्रपत्र मांगता है तो किसी को भी न दें।
    • अगर आपका बैंक में खाता है तो समय-समय पर बैंक में जाकर खाते का लेनदेन चेक करते रहे।
    • सभी बैंक खाता धारक बैंक में जाकर देखे कि खाता खुलवाते समय मोबाइल नंबर आपका रजिस्टर्ड है या किसी और का।

     

    कुछ दिनों की चल रही जांच में सामने आया है कि जिले में एक हजार बैंक खातों में साइबर ठगी के रुपये आए हैं। कुछ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बाकी की जांच चल रही है।

    - सुभाषचंद्र गंगवार, एसपी क्राइम


    यह भी पढ़ें- रामपुर फर्जी मुठभेड़ मामला: IPS शगुन गौतम की बढ़ीं मुश्किलें, अब लखनऊ के इस बड़े अफसर को सौंपी गई जांच