विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़-मुरादाबाद ग्रीनफील्ड हाईवे: संभल के 53 गांवों का मांगा गया रिकॉर्ड, तेजी से शुरू होगा जमीन अधिग्रहण

Published: Mon, 12 Oct 2026 05:27 AM (IST)

अलीगढ़-मुरादाबाद ग्रीनफील्ड हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज हो गई है। संभल जिले के 53 गांवों के राजस्व रिकॉर्ड ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. मुरादाबाद की खतौनियां मिलीं, अब भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। अलीगढ़-मुरादाबाद ग्रीनफील्ड हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने की कवायद शुरू हो गई है। संभल जिले में परियोजना से प्रभावित 53 गांवों की खतौनियां उपलब्ध कराने के लिए विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलओ) एवं सिटी मजिस्ट्रेट युवराज सिंह ने संभल और गुन्नौर तहसील के तहसीलदारों को पत्र भेजा है।

दोनों तहसीलों से राजस्व अभिलेख मिलने के बाद उन्हें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) को उपलब्ध कराया जाएगा। करीब 115 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड हाईवे का निर्माण अलीगढ़ से मुरादाबाद के बीच किया जाना प्रस्तावित है।

हाईवे को चार से छह लेन के एक्सेस कंट्रोल्ड कारिडोर के रूप में विकसित करने की योजना है। परियोजना का एलाइनमेंट संभल जिले से होकर गुजरना है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में संबंधित गांवों की खतौनियां महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं।

इनके माध्यम से भूमि और उसके खातेदारों से संबंधित राजस्व विवरण प्राप्त किए जाते हैं। अभिलेख उपलब्ध होने के बाद अधिग्रहण से जुड़ी आगे की कार्रवाई को व्यवस्थित ढंग से बढ़ाया जा सकता है।

एसएलओ की ओर से भेजे गए पत्र के अनुसार, संभल तहसील के 36 और गुन्नौर तहसील के 17 गांवों की खतौनियां उपलब्ध कराई जानी हैं। संबंधित तहसीलों में एनएचएआइ के प्रतिनिधि पहुंचकर राजस्व अभिलेख एकत्र करेंगे।

उन्हें मुरादाबाद स्थित एसएलओ कार्यालय में जमा करेंगे। इन अभिलेखों के आधार पर परियोजना के लिए चिह्नित भूमि से संबंधित आगे की कार्रवाई को गति दी जा सकेगी। मुरादाबाद जिले से संबंधित खतौनियां प्राप्त हो चुकी हैं।

अब संभल जिले के उन गांवों के अभिलेख जुटाए जा रहे हैं, जिनकी खतौनियां अभी उपलब्ध नहीं हुई हैं। इसके लिए संबंधित तहसीलदारों को पत्र भेजकर रिकार्ड उपलब्ध कराने को कहा गया है।

राजस्व अभिलेख मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने में आसानी होगी। अलीगढ़-मुरादाबाद ग्रीनफील्ड हाईवे को क्षेत्रीय सड़क संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

प्रस्तावित मार्ग संभल जिले से गुजरते हुए बुलंदशहर की ओर से अलीगढ़ पहुंचेगा। इसके गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ने की योजना भी है। इससे मुरादाबाद और अलीगढ़ के बीच सीधा संपर्क बेहतर होने के साथ औद्योगिक गलियारे तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।

संभल के तहसील गुन्नौर के यह गांव हैं शामिल

जिजोड़ा सैलाब, जिजोड़ा डांडा, भीकमपुर जागीर डांडा, तुमरिया खादर, कहरोला पट्टी शाकरी, कहरोला गर्वी, चाउपुर सैलाब, चाऊपुर डांडा, दुपटा कलां, भीकमपुर जैनी, चंदूनगला गांव शामिल हैं।

साथ ही, रामपुर मोहकम, सिंघोली कल्लू, बहटकरन, एवजपुर, देवपुरा, जहानपुर, खगूपुरा, बरोरा, निजामपुर, भैंसरौली, मुटैना रतन कुंवर, मुतेना गिरधारी सिंह, हरूपुरा चेतसिंह, उदाlरनपुर खागी चेतसिंह, भवावाला, हरूपुरा हिम्मत सिंह, लहारा रतू और इकोना गांव शामिल हैं।

तहसील संभल के यह गांव हैं शामिल

कुदरसी, लखनपुर, मुबारिकपुर, सकरपुर तारनपुर, चाचू नगला, टंडोनवाला, गौहट, राजहरा सलेमपुर, बगरपुर इम्मा, नूरपुर ततारपुर, नारांगपुर, रुदायन, लदनपुर शहवाजपुर, खिरनी मोहिउद्दीनपुर, बहादरपुर सराय उर्फ रामपुर, मूसा एसापुर, चूहरपुर, बेनीपुर चक, कबलपुर सरल गांव शामिल हैं।

वहीं, गांदीपुरा, नरोतमसरल, रुकनुद्दीन सराय, रसूसीपुर सरल, तुरतीपुर इल्हा, इमादुल मुल्क, हिंदूपुरा, जलालपुर मोहम्मदाबाद, भोलेश्वर, नाहर थेर, खानपुर खुम्मार, मंडियाल, तस्तपुर, फर्राखपुर, कटौनी, फूलसिंघा, बरीपुर भमरवा, धर्मपुर सानी, सिरसी देहात, पोटा और धूरा गांव भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद-हरिद्वार-देहरादून हाईवे का ठेका लेकर गायब हुआ ठेकेदार, PWD ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई FIR