क्या होता है फ्रूट बैग, जिसका इस्तेमाल कर मेरठ के बागवान ने बढ़ाई आम की गुणवत्ता; मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
लखनऊ में आयोजित यूपी आम महोत्सव में मेरठ के बागवान को आम की बागवानी में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। उन्होंने फ्रूट बैग का उपयो ...और पढ़ें

लखनऊ में दीपक कुमार को सम्मानित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आम के फल पर सुरक्षा को लगाए गए फ्रूट बैग।
HighLights
फ्रूट बैग से गुणवत्ता बढ़ने से आम की कीमत मिली दोगुनी।
कीटों और दाग-धब्बों से भी मिली फल को सुरक्षा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। लखनऊ में तीन दिवसीय ''उप्र आम महोत्सव 2026'' का शुभारंभ हो गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमतीनगर में आयोजित हुए महोत्सव में मेरठ मंडल के सभी जिलों से पहुंची आम की विभिन्न प्रजातियों को बखूबी प्रस्तुत किया गया।
मेरठ के अकबरपुर सादात निवासी बागवान अमरपाल सिंह को आम की बागवानी में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। उनके पुत्र दीपक कुमार ने अपने पिता के स्थान पर प्रमाण-पत्र ग्रहण किया।

लखनऊ आम महोत्सव में मेरठ मंडल का स्टाल। जागरण
बागवान अमरपाल सिंह के पुत्र दीपक कुमार ने अपने पिता के स्थान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कार्यक्रम में प्रमाण-पत्र ग्रहण किया। वह बहसूमा के पास अकबरपुर सादात में 50 बीघे में आम की बागवानी करते हैं। जिसमें मुख्य रूप से दशहरी, लंगड़ा, चौसा व गुलाब जामुन के 275 पेड लगे हुए हैं। आम के बागान से दिल्ली की आजादपुर मंडी व गुरुग्राम फल मंडी में ले जाकर बेचते हैं।
फलों के राजा की सुरक्षा करता है लाल रंग का पेपर बैग
आम पर दाग-धब्बे, काले निशान या चकत्ते पड़ने से उसकी गुणवत्ता व दाम दोनों पर गहरा असर पड़ता है। लाल रंग के फ्रूट बैग लगाने से इन सब समस्याओं से मुक्ति मिल सकती है। राजकीय औद्यानिक मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत फ्रूट बैग स्कीम को शुरू किया गया है। यह लाल रंग का फ्रूट बैग, फल को हानिकारक कीटों व मक्खियों से सुरक्षा प्रदान करता है। इससे फलों को धूल, मिट्टी व तेज धूप से भी रक्षा होगी और दाग-धब्बे भी नहीं पड़ते।
यह भी पढ़ें- Thailand Mango: आठ फीट का पेड़, सालभर आम की बहार, घर के किचन गार्डन और छत पर गमले में लगाएं यह प्रजाति
अमरपाल सिंह के पुत्र दीपक कुमार ने बताया कि फल मंडी में जिस आम के रेट 40 रुपये प्रति किलो मिलते थे, फ्रूट बैग लगाने के बाद उसकी कीमत 80 रुपये प्रति किलो प्राप्त हुई। पिछले साल उनके आम को रिलायंस स्टोर ने भी खरीदा था। गुणवत्ता के कारण ही इस वर्ष भी रिलायंस स्टोर में आम की आपूर्ति के लिए प्रक्रिया चल रही है।
खबरें और भी
उन्होंने अपने बाग में एक लाख फ्रूट बैग लगाकर आम की गुणवत्ता में वृद्धि की। फल पर फ्रूट बैग लगाने से कीट, रोग व दाग-धब्बे से सुरक्षा मिलती है। साथ ही पेस्टीसाइड का प्रभाव भी नहीं पड़ता। इस बैग के उपयोग से आम की कीमत में दोगुने का अंतर आया।
उधर, आम महोत्सव में मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, बलदेव सिंह औलख और उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। उप निदेशक उद्यान पूजा, जिला उद्यान अधिकारी अरूण कुमार व वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक संजय सिंह ने आम बागवान को शुभकामनाएं दी।