Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सरधना विधानसभा क्षेत्र: बस अड्डा बना सपना, न सुधरी सड़कों की हालत; विधायक बोले- सभी क्षेत्रों में समान रूप से करा रहे काम

    By Shubham Gupta Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Fri, 31 Jul 2026 05:47 PM (IST)

    Uttar Pradesh MLA Report Card: सरधना विधायक अतुल प्रधान के सवा चार साल के कार्यकाल में बस अड्डा, डिग्री कॉलेज और सड़कों जैसी कई मूलभूत समस्याएं बरकरार ...और पढ़ें

    सरधना विधानसभा क्षेत्र

    सरधना विधानसभा क्षेत्र

    HighLights

    1. सरधना विधानसभा क्षेत्र में बस अड्डा, डिग्री कॉलेज, फायर स्टेशन की मांगें नहीं हुईं पूरी।

    2. विधायक बोले- जाम की समस्या के समाधान में प्रशासन का सहयोग नहीं मिल रहा।

    जागरण संवाददाता, सरधना (मेरठ)। सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान के सवा चार वर्ष का कार्यकाल का आकलन करें तो क्षेत्र कई समस्याएं जस की तस हैं। बस अड्डा, राजकीय डिग्री कालेज व फायर स्टेशन की स्थापना की मांग काफी पुरानी है, लेकिन इनमें से एक भी पूरी नहीं हो सकी। सरधना-बिनौली रोड व नगरपालिका कार्यालय के सामने सड़क जर्जर है।

    कस्बा चौकी बस स्टैंड चौराहे पर जाम लगता रहता है। सरधना कस्बे में जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के चलते बरसात के दौरान सड़क से लेकर घर के अंदर तक कई फीट पानी भर जाता है। यही हालत लावड़ में भी है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गंगनहर के पास तहसील रोड पर आबादी के बीच डंपिंग ग्राउंड बन गया है, अंसार नगर के लोग इससे अधिक परेशान रहते हैं।

    यदि कूड़ा निस्तारण प्लांट स्थापित होता तो समस्या से राहत मिलती। बाजारों में पार्किंग स्थल नहीं हैै। बिजली व्यवस्था भी लोगों की नाराजगी का प्रमुख कारण बनी रही। क्षेत्र में उद्योग भी हैं लेकिन उन्हें भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाती। राजकीय डिग्री कालेज की मांग लंबे समय से की जा रही है। सरधना को अब तक फायर स्टेशन नहीं मिल सका है।

    हालांकि विधायक का दावा है कि उनके प्रयास से सरधना देहात में जमीन चिह्नित हो चुकी है। ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि ऐतिहासिक बूढ़ा बाबू मेला आयोजित नहीं हो सकेगा, इसके आयोजन के लिए ठोस प्रयास दिखाई नहीं दिया।

    खबरें और भी

    क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से सदन में उठाया: विधायक

    विधायक अतुल प्रधान (Atul Pradhan) का कहना है कि क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से सदन में उठाया है, उसी का परिणाम है कि फायर स्टेशन की स्थापना के लिए जमीन चिह्नित हो गई है। लावड़ से जलालपुर होते हुए सैनी मार्ग तक सड़क बनवाई। कई जगह पथ प्रकाश व्यवस्था भी मजबूत कराई है। सरधना में यातायात जाम की समस्या है, जिसके समाधान के लिए प्रशासन का सहयोग नहीं मिल रहा है।

    उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक बूढ़ा बाबू मेले के आयोजन को लेकर भी प्रयास किए गए हैं। सरधना में बस अड्डा व डिग्री कालेज की मांग प्रदेश सरकार के समक्ष उठाई है, इसके लिए प्रयास जारी है। विधायक निधि से सभी क्षेत्रों में समान रूप से काम करा रहे हैं। जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नगर पालिका परिषद से कई बार वार्ता करके समाधान के लिए कहा है।

    विधायक के प्रयास से क्षेत्र में नहीं हुआ कोई काम: संगीत सोम

    m9

    क्षेत्र के पूर्व विधायक संगीत सोम (Sangeet Som) कहते हैं कि जिस विधायक ने कांवड़ पटरी मार्ग के चौड़ीकरण में बाधा बनकर रुकवा दिया हो उससे क्षेत्र के विकास के लिए क्या अपेक्षा करेंगे। जिले स्तर के लिए बहुत सी योजनाएं आती हैं जिसे अपने क्षेत्र में लाने के लिए विधायक को जोर लगाना होता है। वर्तमान विधायक के प्रयास से कोई काम क्षेत्र में नहीं हुआ। एक भी मांग सरकार के समक्ष नहीं रखी।

    पूर्व विधायक ने कहा कि उन्होंने विधायक रहते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र में खेल विश्वविद्यालय बनवाया। अन्य कई सुविधाएं अपने क्षेत्र में लाने में कामयाब रहा था। ऐसा इसलिए हो सका क्योंकि मैंने मांग रखी और क्षेत्र की लड़ाई लड़ता रहा।

    जनता कहिन

    विधानसभा चुनाव के बाद सरधना-बिनौली रोड बनी थी, लेकिन दो वर्ष बाद फिर से क्षतिग्रस्त हो गई। हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं लेकिन मरम्मत नहीं हुई। क्षेत्र में समस्याएं जस की तस हैं।
    -उम्मेद, सरधना।

    सरधना में जलभराव की समस्या लंबे समय से है लेकिन जितने लापरवाह अधिकारी हैं उतने ही विधायक हैं। बरसात में नालियां बंद होने पर रास्तों पर कई-कई फीट पानी भर जाता है। घरों में पानी प्रवेश कर जाता है लेकिन इस पर कार्य नहीं हुआ। -अजय, सरधना।

    विधायक कुछ करते भी हैं तो शहर ही उनकी प्राथमिकता में है। बस अड्डा की मांग लंबे समय से चल रही है लेकिन वर्तमान विधायक भी ये कार्य नहीं करा सके। सड़कों की स्थिति बेहद खराब है।
    -इनाम इलाही, सरधना।

    सरधना-बिनौली रोड पर जाम लगा रहता है। दो सौ मीटर की दूरी तय करने में करीब आधा घंटा लग जाता है। इसके समाधान पर विधायक ने ध्यान नहीं दिया। नए संपर्क मार्गों को बनवाने, पुरानी सड़कों की मरम्मत कराते तो स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलती।
    -तरुण गोस्वामी, सरधना।