विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होंगे 17 खिलाड़ी, देश का मान बढ़ाने वाली मेरठ की बेटी प्रियंका गोस्वामी भी इनमें शामिल

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 18 Aug 2026 03:50 PM (IST)

भारत की स्टार रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी को खेलों में लगातार शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

प्रियंका गोस्वामी (फाइल फोटो)

प्रियंका गोस्वामी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. प्रियंका गोस्वामी ने रेस वाॅकिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया

  2. प्रियंका समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। भारत की स्टार रेस वाॅकर और राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता प्रियंका गोस्वामी को खेलों में लगातार शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा करते हुए प्रियंका समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना है।

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर इन खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

प्रियंका गोस्वामी ने रेस वाॅकिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 में उन्होंने 10,000 मीटर रेस वाॅक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद वर्ष 2023 में बैंकाक में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 20 किलोमीटर रेस वाॅक में रजत पदक हासिल किया।

प्रियंका टोक्यो ओलंपिक-2020 और पेरिस ओलिंपिक -2024 में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। लगातार दो ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली उनकी उपलब्धियां भारतीय एथलेटिक्स में उनकी निरंतरता और क्षमता को दर्शाती हैं।

अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए अन्य खिलाड़ियों में शामिल हैं:

  • एथलेटिक्स के तेजस्विन शंकर और मोहम्मद अजमल वी
  • बैडमिंटन की ट्रीसा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद
  • शतरंज के विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख
  • हाकी के राजकुमार पाल और लालरेम्सियामी
  • मुक्केबाज नरेन्दर
  • कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा
  • निशानेबाज अखिल श्योराण
  • डेफ शूटिंग के धनुष श्रीकांत
  • पैरा शूटिंग के रुद्रांश खंडेलवाल
  • पैरा एथलेटिक्स की एकता भ्यान
  • रोइंग के अरविंद सिंह

राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम श्रेणी के लिए 1962 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पूर्व फुटनालर आई. अरुमनायगम का चयन किया गया है। वहीं द्रोणाचार्य पुरस्कार की नियमित श्रेणी में एथलेटिक्स के परवीर सिंह, मुक्केबाजी के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण को चुना गया है।

द्रोणाचार्य पुरस्कार लाइफटाइम श्रेणी में मुक्केबाजी के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार को सम्मान मिलेगा। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे का चयन किया गया है।