कांटे की टक्कर में प्रेजिडेंट इलेवन बनी विजेता, पेनल्टी शूटआउट में 4-1 से जीता रोमांचक मुकाबला
आईएमए मेरठ फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के फाइनल में प्रेजिडेंट इलेवन ने सेक्रेटरी इलेवन को पेनल्टी शूटआउट में 4-1 से हराकर खिताब जीता। यह रोमांचक मुकाबला ल ...और पढ़ें

विजयी मुद्रा में आईएमए मेरठ फुटबाल टूर्नामेंट 2026 के फाइनल मुकाबले के प्रतिभागी। जागरण
HighLights
प्रेजिडेंट इलेवन ने रोमांचक फाइनल में खिताब जीता।
सेक्रेटरी इलेवन को पेनल्टी शूटआउट में 4-1 से हराया।
डॉक्टरों ने खेल के माध्यम से फिटनेस का संदेश दिया।
जागरण संवाददाता मेरठ। लाला लाजपत राय मेडिकल कालेज का मैदान। दर्शकों का शोर, खिलाड़ियों की फुर्ती और धड़कनों को रोक देने वाला रोमांच। आईएमए मेरठ फुटबाल टूर्नामेंट 2026 के फाइनल मुकाबले में रविवार को प्रेजिडेंट इलेवन और सेक्रेटरी इलेवन के बीच ऐसी कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसकी गूंज लंबे समय तक सुनाई देगी। पेनल्टी शूटआउट तक खिंचे इस सांस रोक देने वाले मैच में आखिरकार प्रेजिडेंट इलेवन ने 4-1 से बाजी मारकर खिताब पर अपना कब्जा जमा लिया।
सीटी बजते ही मैच का पहला हाफ जबरदस्त जोर आजमाइश के साथ शुरू हुआ। प्रेजिडेंट इलेवन के स्ट्राइकर्स ने शुरुआती मिनटों से ही आक्रामक रुख अपनाया। नतीजा यह हुआ कि डाक्टर भानु प्रताप सिंह ने एक अद्भुत मूव बनाते हुए फुटबाल को सीधे नेट में दाग दिया और अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक प्रेजिडेंट इलेवन का पलड़ा भारी दिख रहा था।
लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट दूसरे हाफ में आया। पिछड़ने के बाद सेक्रेटरी इलेवन ने पलटवार किया। डाक्टर रोहित काम्बोज ने प्रेजिडेंट इलेवन के डिफेंस को भेदते हुए एक शानदार मैदानी गोल दागा और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने बढ़त बनाने के लिए एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा दिया, पर निर्धारित समय खत्म होने तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर ही अटका रहा।
अब फैसला पेनल्टी शूटआउट से होना था। मैदान पर तनाव चरम पर था। प्रेजिडेंट इलेवन के कप्तान डाक्टर सुमित उपाध्याय, डाक्टर पंकज राठौर, डाक्टर भानु प्रताप सिंह और डाक्टर संजीव त्यागी ने गेंद को गोलपोस्ट में डालने में कोई गलती नहीं की। दूसरी तरफ सेक्रेटरी इलेवन से सिर्फ कप्तान डाक्टर सौरभ अग्रवाल ही पेनल्टी को गोल में बदल सके। प्रेजिडेंट इलेवन ने शूटआउट 4-1 से अपने नाम कर लिया। मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
खबरें और भी
बेस्ट गोलकीपर डाक्टर सुमित उपाध्याय, गोल्डन बूट डाक्टर भानु प्रताप सिंह, बेस्ट फील्डर डाक्टर सौरभ अग्रवाल, डाक्टर आशु मित्तल द्वारा ट्राफी के साथ विजेता टीम ने जश्न मनाया। डाक्टरों ने इस खेल से लोगो को अपनी फिटनेस पर ध्यान देने की अपील की। कहा कि 30 मिनट का नियमित व्यायाम और कोई भी खेल आपको शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है।