मेरठ की शिक्षिका शीतल देवल ने रचा कीर्तिमान, देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान से होंगी सम्मानित
मेरठ की शिक्षिका शीतल देवल को शिव नाडर प्रतिष्ठान और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा 'भारत के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार' के लिए भौतिक विज्ञान विषय में चुना गया है।

HighLights
शिक्षिका शीतल देवल को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया।
उन्होंने प्रकाश की घटनाओं को समझाने वाला अनोखा उपकरण बनाया।
यह उपकरण कम लागत वाला और पूरी तरह सुरक्षित है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जिले के राजकीय हाईस्कूल कुढला की शिक्षिका शीतल देवल ने एक बार फिर मेरठ का नाम गौरवान्वित किया है। शिव नाडर प्रतिष्ठान भारत एवं आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय ब्रिटेन के सैद प्रबंध विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भारत के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार में भौतिक विज्ञान विषय में चयनित होकर उन्होंने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
आगामी पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर उनको सम्मानित किया जाएगा। शिक्षिका शीतल देवल पिछले कई वर्षों से लगातार मेरठ का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने प्रकाश का एक अनोखा उपकरण तैयार किया है, जिसके माध्यम से प्रकाश की प्रमुख घटनाओं को एक ही मंच पर प्रत्यक्ष रूप से दिखाया जा सकता है।
यह कम लागत वाला और पूरी तरह सुरक्षित नमूना है। यह उपकरण विद्यार्थियों को अपवर्तनांक, व्यतिकरण, विवर्तन, ध्रुवण, फोकस दूरी जैसे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरलता से समझने में सहायता करता है।
इस नवाचारी शिक्षण अधिगम सामग्री को समग्र शिक्षा माध्यमिक उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित शिक्षण सामग्री प्रदर्शनी में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था। अब इस अनोखे उपकरण को एकस्व अधिकार के लिए भेजा गया है, जिससे नवाचार के क्षेत्र में मेरठ का नाम एक बार फिर चमक उठा है।
