विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पति ने पत्नी के नाम पर रखा इस इजरायली आम का नाम, मेरठ की नर्सरी में हो रहा तैयार; थाईलैंड का 'ऑल-टाइम मैंगो' भी है खास

By Vinay Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 04 Sep 2026 03:08 PM (IST)

मेरठ में अब इजरायली 'माया' आम की किस्में जल्द उपलब्ध होगी। यह आम अपने खास स्वाद के लिए जाना जाता ...और पढ़ें

इजरायल का माया आम और थाइलैंड के आम को दिखाते नर्सरी संचालक।

इजरायल का माया आम और थाइलैंड के आम को दिखाते नर्सरी संचालक।

HighLights

  1. अत्यधिक मीठा, सुगंधित और रंगीन होता है इजरायली आम

  2. थाईलैंड का ऑल-टाइम मैंगो सालभर फल देता है, छोटा पेड़।

  3. मेरठ की नर्सरी में  माया आम के मदर प्लांट रोपे गए।

जागरण संवाददाता, मेरठ। आम को फलों का राजा कहा जाता है। दशहरी, लंगड़ा, चौसा और रटौल जैसी किस्मों के आमों की वजह से वेस्ट यूपी के जिलों की खास पहचान है। इनमें से एक-दो किस्म निश्चित रूप से आपकी ऑल-टाइम फेवरेट होगी। आने वाले समय में आप इजरायल और थाईलैंड की प्रजातियों के आमों काे अपनी पसंद के इस फल की लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। 

हाइटेक नर्सरी में रोपा गया इजरायल का माया आम

पहले बात करते हैं इजरायल के आम की। इस आम की मशहूर प्रजाति माया के मातृ पौधे (मदर प्लांट) को उद्यान विभाग ने दौराला-सरधना रोड पर मछरी स्थित हाइटेक नर्सरी में रोपा है। इसकी कलम तैयार कर उसी प्रजातियों के पौधों को किसानों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। माया रंगीन आम की प्रजाति है। यह अत्यधिक मीठा, सुगंधित व बेहतरीन स्वाद संतुलन वाला है आम हाेता है।

इसे 1950 के दशक में इजरायल के प्रोफेसर हनान ओपनहाइमर ने इसे खोजकर इसका नाम अपनी पत्नी के नाम पर रखा था। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसका दाग धब्बे और रेशा रहित होता है। दिखने में भी बहुत आकर्षक, पीले-नारंगी रंग का होता है, जिस पर हल्की गुलाबी रंग की परत दिखाई देती है।

पकने के बाद इसकी शेल्फ लाइफ पांच दिन की होती है। यह अधिक पैदावार वाली किस्म मानी जाती है। इस वैरायटी के पौधे पर रोपाई के तीन वर्ष बाद फल आने लगता है।

जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार बताते हैं कि उद्यान विभाग द्वारा संचालित मछरी स्थित हाइटेक नर्सरी में हमने एक विशेष मदर प्लांट के ब्लाक को तैयार किया है। डीएम डा. वीके सिंह व सीडीओ नूपुर गोयल ने पौधरोपण कर इसका शुभारंभ किया था। इसमें आम की रंगीन प्रजातियों के मदर प्लांट को रोपा गया है। जिससे आगे कमल तैयार कर पौधे तैयार कराते हुए किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

महज आठ फीट का होता है थाईलैंड के आम का पेड़, सालभर देता है फल

थाइलैंड से आई ऑल टाइम मैंगो प्रजाति में सालभर फल देने की क्षमता रखता है, जिसकी ऊंचाई महज आठ फीट तक सीमित रहती है। इसे घर की छत, बालकनी या छोटे से किचन गार्डन में भी आसानी से लगाया जा सकता है।

किठौर के शाहजहांपुर में नफीस नर्सरी संचालित करने वाले मुस्तफीज खान ने बताया कि इस पौधे की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसे साल के किसी भी समय गमले में लगाया जा सकता है। पौधा तीन से चार फीट की ऊंचाई पर पहुंचते ही फल देना शुरू कर देता है, जो इसे अन्य आम की किस्मों से अलग बनाता है।

थाइलैंड मैंगो की एक और खासियत इसकी लंबी उम्र है। जमीन पर लगाने पर यह पेड़ 100 साल से अधिक समय तक जीवित रह सकता है। कम फैलाव और नियंत्रित ऊंचाई के कारण इसकी देखभाल भी अपेक्षाकृत आसान होती है। हालांकि खट्टापन अधिक होने की वजह से इसका व्यावसायिक उपयोग नहीं है लेकिन घरेलू बागवानी और सजावट में इसकी मांग बढ़ रही है। इसका रंग रूप दशहरी की तरह होता है लेकिन लंबाई में केले के आकार की होती है।