विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP का सबसे ठंडा शहर रहा मेरठ, श्रीनगर व कुल्लू में तापमान यहां से अधिक हुआ रिकॉर्ड, प्रदेश में मुजफ्फरनगर दूसरे नंबर पर

By Om Bajpai Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 07 Sep 2026 06:30 AM (IST)

Meerut weather: मेरठ में लगातार दो दिन से बरसात हो रही है। रवि‍वार को यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक फोटो

प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1. रव‍िवार को मेरठ में हुआ गुलाबी सर्दी का अहसास।

  2. लगातार बरसात से दिन का तापमान लुढ़का

जागरण संवाददाता, मेरठ। जनपद में दो दिनों से मौसम सुहाना है और हवा पूरी तरह स्वच्छ है। गर्मी का असर पूरी तरह गायब हो गया है। रविवार को मेरठ का दिन प्रदेश में ठंडा रहा। अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस था। यह सामान्य से सात डिग्री कम रहा। लोगों को कूलर और एसी बंद करने पड़े। भादों में गुलाबी सर्दी का अहसास हुआ।

मुजफ्फरनगर दूसरे नंबर रहा। शनिवार को भी मेरठ सबसे कम अधिकतम तापमान वाले प्रथम चार शहरों में शामिल था। लगातार बरसात से मेरठ की हवा भी प्रदूषण मुक्त हो गई है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 43 रहा। जो अच्छी वायु गुणवत्ता का सूचक है।

श्रीनगर में अधिकतम तापमान 30.2 सेल्सियस

मेरठ का अधिकतम रविवार को दिन में श्रीनगर और कुल्लू जैसे हिल स्टेशन से भी कम रहा। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 30.2 और कुल्लू में 32.4 शिमला 25 और मनाली में 25.4 डिग्री सेल्सियस था। मेरठ के पास दिल्ली में अधिकतम तापमान 29.1 था। जनपद में लगातार दो दिन से बरसात हो रही है। मानसून की अक्षीय रेखा एनसीआर पर केंद्रित है। मौसम विभाग ने भारी बरसात का आरेंज अलर्ट जारी किया था।

प्रदूषण नहीं होने से आसमान पूरी तरह साफ 

पिछले 24 घंटे में 60 मिलीमीटर बरसात रिकार्ड की गई है। सितंबर मानसून सीजन का अंतिम माह है। प्रथम छह दिन में ही बरसात का आंकड़ा 98 मिलीमीटर पहुंच गया है। लगातार बरसात से मेरठ में दिन का तापमान लुढ़क गया है। रात में हल्की ठंड भी महसूस की गई। रविवार को शाम को जब बरसात थम गई उसके बाद मालरोड कैंट, सर्किट हाउस का स्वच्छ और हरा भरा वातावरण बेहद सुहाना दिखा। प्रदूषण नहीं होने से आसमान पूरी तरह साफ था।

सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि सोमवार को मौसम साफ रहेगा। हलके बादल छाए रहेंगे।

रात और दिन के तापमान में केवल 2.5 का अंतर

सामान्य रूप से दिन में अधिकतम तापमान और रात में न्यूनतम तापमान में नौ से 11 डिग्री सेल्सियस का अंतर होता है। लेकिन रविवार को यह अंतर घट कर केवल 2.5 डिग्री सेल्सियस रह गया। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

रविवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान वाले शहर

शहर अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में

  • मेरठ 26.1
  • मुजफ्फरनगर 26.2
  • गाजियाबाद 27.8
  • बिजनौर, अलीगढ़ 28
  • आगरा, गौतम बुद्धनगर 28.5

हिल स्टेशनों में रविवार को अधिकतम तापमान

  • कुल्लू 32.4
  • नैनीताल 28.3
  • श्रीनगर 30.2
  • शिमला 25
  • मनाली 25.4