मेरठ: रक्षाबंधन पर जाम से निपटने को प्लान जारी, सुबह 6 से रात 12 बजे तक भारी कमर्शियल वाहनाें के शहर में प्रवेश पर रोक
Meerut News: रक्षाबंधन पर मेरठ शहर में सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शहर और हाईवे पर जाम लगने पर संबंधित थाना और चौकी प्रभारी होंगे जिम्मेदार।
यातायात के अलावा 200 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को व्यवस्था में लगाया गया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। रक्षाबंधन पर शहर और हाईवे के जाम से निपटने के लिए भारी कामर्शियल वाहनों को सुबह छह बजे से रात के 12 बजे तक शहर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। कंट्रोल रूम से शहर और हाईवे पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। थाना और चौकी प्रभारी की जाम लगने पर जिम्मेदारी तय की गई है।
यातायात पुलिस के अलावा 200 अतिरिक्त पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था में तैनात किए गए हैं। दिल्ली, गढ़ और हापुड़ रोड पर सुबह छह बजे से पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। हाईवे को मोहिउद्दीनपुर से लेकर दादरी तक 40 किमी को पांच सेक्टर में बांट दिया गया है, जिसमें प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी एक थाना प्रभारी को सौंपी गई है।
शुक्रवार को रक्षाबंधन के त्योहार पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने शहर और हाईवे के जाम से निपटने के लिए हाईवे पर सेक्टर प्लान जारी कर दिया। दादरी से मोहिउद्दीनपुर तक हाईवे को पांच सेक्टर में बांट दिया। प्रत्येक सेक्टर पर इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई गई है।
शहर के अंदर भी दिल्ली, गढ़ और हापुड़ रोड पर सेक्टर व्यवस्था लागू की गई। एसपी सिटी को हाईवे और एसपी क्राइम को शहर के अंदर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी यातायात शहर और हाईवे दोनों पर यातायात व्यवस्था को देखेंगे। एसपी देहात को सरधना, किठौर और मवाना की जिम्मेदारी सौंपी गई।
एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह छह बजे से पुलिस की ड्यूटी खड़ी कर दी जाएगी। यातायात के अलावा 200 अतिरिक्त पुलिसकर्मी यातायात की ड्यूटी पर लगाए गए है। साथ ही शुक्रवार को सुबह छह बजे से रात को 12 बजे तक शहर के अंदर भारी कमर्शियल वाहनों पर रोक लगा दी गई है। ताकि रक्षाबंधन पर बहनों को जाम में फंसकर कोई परेशानी न झेलनी पड़े।
एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि कंट्रोल रूम के अंदर से यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। जाम वाले प्वाइंटों पर रिजर्व में रखे पुलिसकर्मियों को भेजा जाएगा। साथ ही सर्किल के सीओ को भी कंट्रोल रूम से जाम की समय समय पर जानकारी दी जाएगी।
जाम लगने पर यहां दें सूचना
- यूपी-112
- 9454401587
- 9454417431
