Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मेरठ में बरसात में पुल बहा, तीन की जगह सात KM का हुआ सफर; परेशानी से जूझ रहे लोग

    By Vinay Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Wed, 15 Jul 2026 07:40 PM (GMT+05:30)

    Meerut News: मेरठ में बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल के पास किला रोड पर बना अस्थाई पुल बरसात में बह गया है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब 3 किमी का ...और पढ़ें

    बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल के पास पुल टूटने के कारण किला रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप। जागरण

    बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल के पास पुल टूटने के कारण किला रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप। जागरण

    HighLights

    1. किला रोड पर बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल के पास निर्माणाधीन अस्थाई पुल के बह जाने से बढ़ी मुसीबत

    2. मवाना रोड पर बढ़ा वाहनों का बोझ, दस मिनट का सफर आधे घंटे में तय कर रहे वाहन सवार

    जागरण संवाददाता, मेरठ। बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल के पास किला रोड पर निर्माणाधीन अस्थाई पुल के बरसात में बह जाने से लोगों की मुसीबत दोगुनी हो गई है। बरसात में पानी के तेज बहाव के साथ अस्थाई पुल के अचानक बह जाने से वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद पड़ा है। वैकल्पिक मार्ग के रूप में सभी वाहन डायवर्ट होकर मवाना रोड की तरफ से शहर में आने-जाने का कार्य कर रहे हैं।

    किला रोड स्थित इस पुल से जेल चुंगी की दूरी महज तीन किमी है, लेकिन अब वाहनों को गंगानगर एक्सटेंशन व मवाना रोड से होते हुए जाना पड़ता है, जिसके बाद दूरी बढ़कर सात किमी हो गई है। किला रोड पर मुख्य रूप से बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल व ब्रेन्ज एड्यू वर्ल्ड समेत कई स्कूल हैं, जिनकी बसें भी दोगुने से अधिक रूट तय करके बच्चों को लेकर आ-जा रही हैं।

    वहीं, प्रतिदिन शहर में काम से आने-जाने वाले लोग भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं। अब्दुल्लापुर निवासी अशोक कुमार कहते हैं कि दस मिनट का सफर तय करने में आधा घंटे से अधिक समय लग रहा है। मवाना रोड पर यातायात बढ़ने से जाम लगा रहता है। मोहम्मद रजा जैदी कहते हैं कि समय की बर्बादी और वाहन में ईंधन भी अधिक खर्च हो रहा है।

    उन्होंने अस्थाई पुल को निर्माण कर शीघ्र चालू करने की मांग रखी। वहीं, बुधवार को मवाना रोड पर भगत लाइंस के सामने कंटेनर खराब होने से सुबह दस बजे कसेरुखेड़ा पुल तक लंबा जाम लगा रहा।

    कंटेनर, ट्रक, बस जैसे भारी वाहनों के चलने व बाद में अधिक बरसात के चलते अस्थाई पुल टूट गया था। अगले चार दिनों में बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल के पास अस्थाई पुल को हल्के वाहनों के लिए चालू कर दिया जाएगा। डाट के पुल को तोड़कर फोरलेन में तब्दील किया जा रहा है। किला रोड का चौड़ीकरण भी किया जाना है।
    -संजय सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।

    खबरें और भी